17 साल की शादी, 3 बच्चों की जिम्मेदारी... फिर भी नहीं टूटा हौसला, मुजफ्फरपुर की सोनी बनीं Mrs Bihar 2026

शादी के 17 साल और तीन बच्चों की परवरिश के बावजूद, मुजफ्फरपुर की सोनी गुप्ता ने Mrs Bihar 2026 का खिताब जीतकर लाखों महिलाओं को प्रेरित किया है. यह उनकी दृढ़ता और सपनों को पूरा करने की कहानी है.

Mrs Bihar 2026 Soni Gupta: शादी के 17 साल, तीन बच्चों की जिम्मेदारी, स्कूल का संचालन और परिवार की देखभाल... इन सबके बीच भी अपने सपनों को जिंदा रखने वाली मुजफ्फरपुर की बहू और शांति निकेतन स्कूल की डायरेक्टर सोनी गुप्ता ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है. उन्होंने पटना में आयोजित Mrs Bihar 2026 प्रतियोगिता में करीब 100 प्रतिभागियों को पीछे छोड़कर प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर लिया.

इस जीत के साथ सोनी गुप्ता ने न सिर्फ मुजफ्फरपुर, बल्कि पूरे बिहार का नाम रोशन किया है.

यह भी पढ़ें: पहले शादी का झांसा, फिर कोर्ट मैरिज... अब 5 लाख दहेज नहीं देने पर घर से निकालने का आरोप

पटना के ग्रैंड फिनाले में चमकीं सोनी

राजधानी पटना के पनाश कौटिल्य होटल में आयोजित ग्रैंड फिनाले में बिहार के विभिन्न जिलों से आई करीब 100 विवाहित महिलाओं ने हिस्सा लिया.

कड़े मुकाबले के बाद सोनी गुप्ता विजेता घोषित हुईं. प्रतियोगिता में नेहा डे प्रथम रनर-अप और ज्योति पाठक द्वितीय रनर-अप रहीं.

विजेता सोनी गुप्ता को Mrs World 2025 सरगम कौशल ने ताज पहनाया.

मिला 50 हजार रुपये का पुरस्कार

खिताब जीतने पर सोनी गुप्ता को विजेता ट्रॉफी के साथ 50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार भी दिया गया. यह पुरस्कार आइसब्रेकर ओसियन विज़न प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर प्रवीण सिन्हा की ओर से प्रदान किया गया.

पहली बार लिया था ब्यूटी पेजेंट में हिस्सा

सोनी गुप्ता के लिए यह पहला ब्यूटी पेजेंट था. उन्होंने इससे पहले कभी किसी सौंदर्य प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लिया था.

स्कूल के संचालन, परिवार और तीन बच्चों की देखभाल के बीच उन्होंने 15 दिनों का विशेष ग्रूमिंग सेशन पूरा किया. इस दौरान उन्होंने व्यक्तित्व विकास, मंच संचालन और कम्युनिकेशन स्किल्स पर लगातार मेहनत की.

पहले पति ने किया था विरोध

सोनी ने बताया कि जब उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने की इच्छा अपने डॉक्टर पति के सामने रखी, तो शुरुआत में उन्होंने इसकी अनुमति नहीं दी.

बाद में सोनी ने अपने सपनों और इस मंच के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया. इसके बाद उनके पति न सिर्फ तैयार हुए, बल्कि पूरी प्रतियोगिता के दौरान सबसे बड़े सहयोगी और मार्गदर्शक भी बने.

अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच है लक्ष्य

सोनी गुप्ता ने अपनी जीत उन महिलाओं को समर्पित की है, जो पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण अपने सपनों को अधूरा छोड़ देती हैं.

उन्होंने कहा कि अब उनका लक्ष्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की ब्यूटी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर भारत का प्रतिनिधित्व करना है. साथ ही भविष्य में फिल्मों और विज्ञापनों में भी काम करने की उनकी इच्छा है.

महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा

मुजफ्फरपुर की सोनी गुप्ता की यह उपलब्धि इस बात का उदाहरण है कि शादी, परिवार और बच्चों की जिम्मेदारियां सपनों की राह में बाधा नहीं बनतीं.

उनकी सफलता से मुजफ्फरपुर और उनके गृह क्षेत्र में खुशी का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सोनी की यह उपलब्धि राज्य की हजारों महिलाओं को अपने सपनों को नई उड़ान देने की प्रेरणा देगी.

यह भी पढ़ें: 21 साल से वही स्वाद… मुजफ्फरपुर के इस समोसे के लिए आज भी दूर-दूर से पहुंचते हैं लोग


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aaruni Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >