मुजफ्फरपुर : मॉनसून के सक्रिय होने से उत्तर बिहार के जिलों में पिछले तीन दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है. खेतों में पानी लगने से धान की रोपनी व बिचड़ा गिराने का काम तेज हो गया है. पिछले तीन दिनों में 95 एमएम बारिश हो चुकी है. सोमवार को 64.4 एमएम बारिश हुई. मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 11 जुलाई तक अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है.
इस दौरान गरज के साथ कहीं मध्यम, तो कहीं तेज बारिश होगी. मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी बुलेटिन में रडार व उपग्रह की स्थिति को देखते हुए मुजफ्फरपुर, वैशाली, सारण, दरभंगा व समस्तीपुर जिले में वज्रपात के साथ भारी बारिश की संभावना जतायी गयी है. पिछले तीन दिनों हो रही बारिश से ताल-तलैया से लेकर पोखर तक में पानी भर गया है. जलस्तर में सुधार हुआ है. सूखे चापाकल से अब पानी निकलने लगा है.
