उत्तर बिहार की सभी 12 सीटों पर एनडीए का कब्जा

मुजफ्फरपुर : उत्तर बिहार की सभी 12 सीटों पर एनडीए ने अपना कब्जा बरकरार रखा है. महागठबंधन का खाता भी नहीं खुल पाया. उत्तर बिहार में महागठबंधन के जिन दिग्गजों की हार हुई, उनमें अब्दुल बारी सिद्दीकी (दरभंगा), उपेंद्र कुशवाहा (उजियारपुर), रघुवंश प्रसाद सिंह (वैशाली), शकील अहमद (मधुबनी) और अशोक राम (समस्तीपुर) प्रमुख हैं. इस […]

By Prabhat Khabar Print Desk | May 24, 2019 1:26 AM

मुजफ्फरपुर : उत्तर बिहार की सभी 12 सीटों पर एनडीए ने अपना कब्जा बरकरार रखा है. महागठबंधन का खाता भी नहीं खुल पाया. उत्तर बिहार में महागठबंधन के जिन दिग्गजों की हार हुई, उनमें अब्दुल बारी सिद्दीकी (दरभंगा), उपेंद्र कुशवाहा (उजियारपुर), रघुवंश प्रसाद सिंह (वैशाली), शकील अहमद (मधुबनी) और अशोक राम (समस्तीपुर) प्रमुख हैं.

इस बार उत्तर बिहार से पांच नये चेहरे संसद में होंगे. इनमें वीणा देवी (वैशाली), गोपालजी ठाकुर (दरभंगा), अशोक यादव (मधुबनी), रामप्रीत मंडल (झंझारपुर) और सुनील कुमार पिंटू (सीतामढ़ी) शामिल हैं. वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र से वैद्यनाथ महतो (जदयू) ने शाश्वत केदार (कांग्रेस) को 3.5 लाख मतों के अंतर से पराजित किया.

महतो को 600876 मत मिले. यहां भाजपा के निवर्तमान सांसद सतीश चंद्र दूबे का टिकट काट कर जदयू प्रत्याशी को खड़ा किया गया था. समस्तीपुर में लोजपा के रामचंद्र पासवान ने कांग्रेस के अशोक राम को करीब 250688 मतों से पराजित किया. पासवान को 560037 मत मिले. उजियारपुर में राजनीति के दो दिग्गजों के बीच लड़ाई थी. यहां से नित्यानंद राय (भाजपा) जीते.

उन्होंने उपेंद्र कुशवाहा (रालोसपा) को 275407 मतों के अंतर से पराजित किया. सीतामढ़ी से जदयू प्रत्याशी सुनील कुमार पिंटू को 250539 मतो से विजयी घोषित किया गया. श्री पिंटू को 567745 व राजद प्रत्याशी अर्जुन रायको 317206 मत प्राप्त हुआ. पश्चिम चंपारण में भाजपा के डॉ संजय जायसवाल ने जीत दर्ज कर अपनी सीट बरकरार रखी. उन्होंने रालोसपा के बृजेश कुशवाहा को 292771 मतों के अंतर से हराया.

जीत के सर्वाधिक अंतर से मधुबनी से अशोक यादव जीते. पहली बार चुनाव में उतरे यादव ने वीआइपी के बद्री पूर्वे को चार लाख 54 हजार 940 मतों के अंतर से पराजित किया. यहां शकील अहमद तीसरे स्थान पर रहे. झंझारपुर में जदयू के रामप्रीत मंडल ने गुलाब यादव (राजद) को 2.79 लाख मतों से पराजित किया. मंडल को 601597 मत मिले. शिवहर मे भाजपा की रमा देवी ने जीत की हैट्रिक बनायी. उन्होंने राजद के फैसल अली को 3.39 लाख मतों के अंतर से पराजित किया. मुजफ्फरपुर से भाजपा के अजय निषाद दूसरी बार जीते और उनकी जीत का अंतर इस बार बढ़ कर करीब चार लाख हो गया.

Next Article

Exit mobile version