मुजफ्फरपुर : सदर थाना क्षेत्र के मझौलिया में जमीन विवाद में रविवार को दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गयी. इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर धारदार हथियार से वार कर दो महिला समेत पांच लोगों को जख्मी कर दिया. वहीं, दूसरे पक्ष के तीन लोग घायल हो गये. घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया.
दो एसकेएमसीएच रेफर
घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से जख्मी दो युवकों को बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच रेफर कर दिया. बताया गया कि दोनों पक्षों में काफी दिनों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है.
उक्त विवादित जमीन पर एक पक्ष के लोग निर्माण कार्य कराने पहुंचे थे. इसका दूसरे पक्ष ने विरोध शुरू किया, तो उनके बीच विवाद शुरू हो गया. कुछ देर बाद दोनों पक्षों में मारपीट व हिंसक झड़प शुरू हो गयी.
