कुढ़नी: थाना क्षेत्र के कुढ़नी टोला गांव निवासी आर्मी जवान विक्र म कुमार सिंह का शव सोमवार की शाम दानापुर आर्मी छावनी परिसर के पीछे नदी से पुलिस ने बरामद किया. विक्र म कुमार सिंह बीते 19 जून से गायब थे.
जवान के छोटे भाई ने दानापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. दर्ज प्राथमिकी में जवान के भाई रौशन कुमार सिंह ने गलत नियत से अपने भाई के अपहरण की आशंका जतायी थी.
जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम करीब सात बजे पुलिस ने जवान के परिजनों को सूचना दी कि नदी से एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया है. आकर शिनाख्त कर ले. सूचना मिलने पर जवान का छोटा भाई रौशन कुमार राणा, सुजीत कुमार, बहनोई विजय कुमार सिंह ने मौके पर पहुंच शव की शिनाख्त जवान विक्र म कुमार सिंह के रूप में की. जवान के शरीर पर केवल हाफ पैंट व गंजी था. साथ ही उसके शरीर पर चोट के निशान थे. जवान के गले पर काला रस्सी के दाग का निशान था.जवान के शरीर का कपड़ा फटा था. शव देखकर लग रहा था कि हत्यारों के साथ जवान की हाथापाई हुई होगी. इस संबंध में डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि सैनिक अस्पताल के पीछे गंगा नदी से नायक बिक्रम का शव बरामद किया गया ़ उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा.
गौरतलब हो कि कुढ़नी गांव निवासी बिक्रम सिंह बीआरसी में नायक के पद पर कार्यरत था़ पिछले 19 जून की रात में बिक्रम की पत्नी ने जब उसके मोबाइल पर संपर्क किया, तो रिंग होता रहा, पर कॉल रिसिव नहीं किया गया. 21 जून की सुबह में बीआरसी में जाकर बिक्रम के कमरे में खोजबीन की, तो कपड़ा व जूता समेत अन्य सामान पड़े हुए मिले. बिक्रम के दोस्तों ने बताया कि 19 जून को मेस में खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में चला गया था़ उन्होंने बताया कि रेजिमेंट के सैन्य अधिकारी भी इस संबंध में कुछ नहीं बता रहे थे.
मंत्री व पुलिस कर्मी पहुंचे
जवान के शव मिलने की सूचना पर लघु जल संसाधन मंत्री मनोज कुशवाहा व कई अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. मंत्री श्री कुशवाहा ने पुलिस को त्वरित कार्रवाई करते हुए जल्द से जल्द दोषियों को गिरफ्तार करने को कहा है. वहीं पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. जवान के भाई ने बताया कि इस मामले में आर्मी के कोई पदाधिकारी सक्रिय नहीं दिखे. सभी जवान घटनास्थल से थोड़ी देर बाद निकल गये.
