मुजफ्फरपुर : ठंड के कारण बच्चे बीमार पड़ रहे हैं. केजरीवाल अस्पताल, सदर अस्पताल व एसकेएमसीएच में हर दिन 100 से ज्यादा बच्चे अस्पताल पहुंच रहे हैं. केजरीवाल अस्पताल के शिशु वार्ड में 173 बच्चे भर्ती हैं.
सदर अस्पताल के शिशु वार्ड में 23 बच्चे भर्ती हैं. इनमें से 40 बच्चे कोल्ड डायरिया व निमोनिया से पीड़ित हैं. अन्य बच्चे बुखार, जुकाम और खांसी से पीड़ित हैं. सदर अस्पताल के उपाध्यक्ष डॉ एनके चौधरी बताया कि ठंड के कारण खांसी, जुकाम के साथ-साथ वायरल इंफेक्शन की शिकायत बढ़ जाती है.
दिन में भी ठंड का अहसास और शाम को ठंडी हवा चलने से बच्चों में सर्दी, जुकाम, एलर्जी, वायरल बुखार, गले की खराबी और स्किन की एलर्जी की शिकायत आ रही है.
ठंड से बचाव जरूरी
शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ अरुण शाह कहते हैं कि बच्चों की प्रतिरोधक क्षमता कम होने की वजह से बदलते मौसम का असर सबसे ज्यादा इन्हीं पर देखने काे मिलता है. इसलिए पहनावा पर विशेष ध्यान दें और ज्यादा से ज्यादा शरीर ढंका रहे, ऐसे वस्त्र पहना कर बच्चों को रखें.
साथ ही आने वाले एक महीने तक बच्चों के खानपान का विशेष ध्यान रखें.
रखें विशेष ख्याल : डॉ एनके चौधरी कहते हैं कि जाड़े मौसम में शरीर की गर्मी को मेनटेन करने के लिए ऊर्जा की ज्यादा जरूरत होती है. ऐसे समय में शरीर में विटामिन सी और बी-कॉम्प्लेक्स का स्तर काफी कम हो जाता है, जिससे सर्दी, खांसी, बुखार आदि की समस्या तेजी से बढ़ती है.
