मस्तीपुर/मुजफ्फरपुर :चकमेहसी थाना क्षेत्र के सोमनाहा पुल के पास से 22 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ है. युवक की पहचान शिवहर जिले के तरियानी थाना के सोनवर्षा गांव निवासी शशिरंजन प्रसाद सिंह के पुत्र गुलशन उर्फ राजा के रूप में हुई है.
वह बेगूसराय में मेडिकल की तैयारी करता था. मुजफ्फरपुर के अहियापुर निवासी रिटायर्ड इंजीनियर कृष्णदेव प्रसाद का भतीजा है .
परिजनों का कहना है कि वह 12 दिसंबर से लापता था. इसकी प्राथमिकी तरियानी थाने में दर्ज है. घटना के बाद से ही युवक के बलहा गांव के मित्र पर संदेह था. जिसको लेकर चकमेहसी पुलिस से कई बार मदद भी मांगी गयी, लेकिन हर बार पुलिस ने अनदेखी की. इसके बाद परिजनों ने स्वयं नदी में गोता लगा कर खोजना शुरू किया.
रविवार को सोमनाहा पुल के पास से शव बरामद कर लिया गया. घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शव इतना फूल चुका था कि उसकी पहचान पा कर पाना मुश्किल हो रहा था. शव की पहचान मृतक के बड़े भाई अभिमन्यु प्रसाद सिंह ने कपड़े व शरीर के ढांचे को देख कर की.
घटना के बारे में बताया जाता है कि युवक 12 दिसंबर से चकमेहसी थाना के बलहा गांव के एक युवक के साथ आया था. इस मामले में लापता होने के साथ हत्या की आशंका को लेकर स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज है. इस बाबत चकमेहसी पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने इस मामले में वैज्ञानिक जांच के बाद हर संभव कार्रवाई का आश्वासन दिया है.
