उद्यमियों ने पत्र लिख कर कहा, अपराध नहीं रुका, तो बंद हो जायेंगे उद्योग धंधे

मुजफ्फरपुर : उद्यमी गुंजन खेमका की हाजीपुर में हत्या के बाद बेला औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों ने सरकार को उद्योग बंद करने की चेतावनी दी है. लघु उद्योग भारती ने सरकार को पत्र भेज कर कहा है कि अगर बिहार में अपराध नहीं रुकता है, तो वे अपना उद्योग बंद कर देंगे. उद्यमियों ने पत्र […]

मुजफ्फरपुर : उद्यमी गुंजन खेमका की हाजीपुर में हत्या के बाद बेला औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों ने सरकार को उद्योग बंद करने की चेतावनी दी है. लघु उद्योग भारती ने सरकार को पत्र भेज कर कहा है कि अगर बिहार में अपराध नहीं रुकता है, तो वे अपना उद्योग बंद कर देंगे.
उद्यमियों ने पत्र में यह भी कहा है कि इस हत्या के बाद उद्यमी अब उद्योग चलाने में खुद को असुरक्षित मान रहे हैं. अपराधी उद्यमियों को निशाने पर रख रहे हैं. ऐसे में उद्योग बंद करना उनकी मजबूरी होगी.
लघु उद्योग भारती के महासचिव नरेंद्र कुमार ने कहा कि उद्यमी गुंजन खेमका की हत्या से दो दिन पहले भीरसेरिया एग्रो प्राइवेट लिमिटेड में कुछ असामाजिक तत्वों ने घुस कर तोड़फोड़ कर लाखाें रुपये लूट लिये थे. इस मामले में पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराया गया, लेकिन इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई.
उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किये गये हैं, चारों ओर से चहारदीवारी टूटी है. रात होते ही औद्योगिक क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगता है. उद्यमी इनके डर से रात में उद्योग नहीं चला पा रहे हैं. अगर सरकार उद्यमियों की सुरक्षा देती है, तो वे उद्योग चलायेंगे, अन्यथा उद्योग बंद कर पलायन कर जायेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >