कुढ़नी : एनएच 28 अन्तर्गत बछुवारा में शनिवार की अहले सुबह करीब तीन बजे हुई सड़क दुर्घटना में कुढ़नी थाना के किसुनपुर मोहिनी निवासी ट्रक चालक शिवचंद्र राय (45) की मौके पर मौत हो गयी. मौके पर पहुंची बछुबारा थाना पुलिस ने शिवचंद्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये बेगूसराय अस्पताल भेजा.
पोस्टमार्टम के बाद बेगूसराय से चला शिवचंद्र का शव देर शाम करीब सात बजे उसके किसुनपुर मोहनी स्थित घर पहुंचा. शव के पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. पत्नी जयमाला देवी पति के शव से लिपट रोने लगी.
बताया जाता है कि शिवचंद्र ट्रक का चालक था. शिवचंद्र शुक्रवार की रात करीब नौ बजे गिट्टी लाने के लिये ट्रक लेकर भागलपुर के लिये निकला था. बछुबारा में करीब तीन बजे रात में ट्रक को खड़ा कर लघुशंका के लिये नीचे उतरा.
लघुशंका के बाद शिवचंद्र चाय पीने के लिये सड़क को पार कर दुकान पर जा रहा था. इसी बीच मुजफ्फरपुर की तरफ़ जा रहे अज्ञात वाहन ने शिवचंद्र को रौंद दिया. इससे उसकी मौत घटनास्थल पर हो गयी. शिवचंद्र के शव आने के सूचना पर पहुंचे पूर्व मुखिया रत्नेश कुमार उर्फ मिंटू सिंह, योगी सिंह, विपिन सिंह, महेंद्र सहनी, रामनरेश सिंह ने मृतक के प्रति शोक जताते हुए परिजनों को सांत्वना दी.
