मुशहरी : थाना क्षेत्र अंतर्गत गंडक नहर के तरौरा धीरणपट्टी पुल पर सोमवार की देर रात गश्ती कर रहे तीन चौकीदारों पर तरौरा व धीरणपट्टी के ग्रामीणों ने मवेशी व्यवसायी से पैसा लेने का आरोप लगा बंधक बना लिया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने बंधक बने चौकीदार सोहन राम को वहां से थाने लाकर पूछताछ की, जबकि दो अन्य चौकीदार मौके से भाग गये़ इधर, मंगलवार को जांच के दौरान इस मामले में संलिप्तता पाये जाने पर जामादार सुधीर साह व चौकीदार सोहन राम को एसएसपी मनोज कुमार ने सस्पेंड कर दिया है.
ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार की रात तरौरा पुल पर तैनात चौकीदारों ने नहर के रास्ते बैलों को ले जा रहे समस्तीपुर के मवेशी व्यवसायी से जबरन वसूली की. विरोध करने पर व्यवसायी से मारपीट भी की.
व्यवसायी के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने तैनात चौकीदारों को घेरने की कोशिश की. दो चौकीदार भाग निकले. एक चौकीदार सोहन राम पकड़ा गया. ग्रामीणों ने इसकी सूचना थाने में दी़ पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर चौकीदार को मुक्त कराया.
घायल व्यवसायी समस्तीपुर निवासी राजकुमार दास का इलाज पीएचसी में कराया गया. थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह ने बताया कि तस्करी के शक पर देर रात चौकीदारों ने चार बैल के साथ जा रहे लोगों को रोका था. मामले की जांच कर दोषी पर कार्रवाई की जायेगी.
