मुजफ्फरपुर : पताही निवासी राजेश पांडेय हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. बमबम ठाकुर ने अपने छह साथियों के साथ मिलकर राजेश पांडेय का गला पुरैनी पोखर के समीप रेता था. उसके बाद उसे अपनी वैगन आर कार में लादकर सरैया थाना क्षेत्र स्थित रेवा घाट पुल से नीचे फेंक दिया था.
मामले की जांच कर रही पुलिस टीम ने बताया कि राजेश पांडेय ने शराब कारोबार में काफी पैसे कमाये थे. इसको लेकर बमबम ठाकुर ने उसे पार्टी देने के लिए कहा था. घटना के दिन बमबम अपनी वैगन आर कार में राजेश पांडेय को बैठा कर ले गया . पुरैनी पोखर पर सभी ने शराब पिया. वहां, शराब कारोबार को लेकर पैसा लेन- देन का विवाद शुरू हो गया.
- विकास ने चाकू से किया था हमला
- अत्यधिक खून निकलने के बाद बमबम ने अपने साथियों से साथ रेता था गला
- वैगन आर कार में शव को लादकर सरैया थाना क्षेत्र में
- रेवा घाट पुल से नीचे फेंका
इसी दौरान शराब कारोबार से जुड़े दूसरे गुट के विकास कुमार ने चाकू से राजेश पर डराने के लिए वार किया. लेकिन, चाकू उसके गले में जा लगी. अत्यधिक खून निकलने के बाद बमबम ने सोचा कि पुलिस के पास मामला जाने के बाद सभी फंस जायेंगे. इसके बाद बमबम, विकास अपने छह साथियों के साथ चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी.
बमबम का शव मिलने की अफवाह पर परेशान रही पुलिस
राजेश पांडेय हत्याकांड का मुख्य आरोपित पताही निवासी बमबम ठाकुर का शव मिलने की अफवाह पर पूरे दिन सदर व तुर्की ओपी की पुलिस परेशान रही. अफवाह यह उड़ी थी कि बमबम ठाकुर की हत्या कर उसके शव को खड़ौनाडीह इलाके में फेंका गया है. शव फेंके जाने की सूचना पर दोनों थाने की गश्ती पुलिस पताही व खड़ाैनाडीह इलाके में घंटों खाक छानती रही.
लेकिन, यह महज अफवाह निकली. पुलिस का कहना था कि बमबम ठाकुर गिरफ्तारी के डर से फरार हो गया है. उसके मोबाइल का कॉल डिटेल निकाला जा रहा है. साथ ही उसके शराब के सिंडिकेट से जुड़े कारोबारियों को चिह्नित किया जा रहा है. उसे जल्द ही गिरफ्तार किया जायेगा.
पुरौनी पोखर शराब तस्करों का बना सेफ जोन
पुरौनी पोखर व फरदो पुल शराब तस्करों का सेफ जोन बन गया है. सूत्रों की माने, तो तस्कर इसके बीच में शराब की खेप को उतारते हैं. बमबम ठाकुर पर शहर के एक बड़े शराब तस्कर का हाथ है. उसके इशारे पर ही शराब की खेप यहां उतारी जा रही है. पुलिस लगातार इन इलाकों में छापेमारी को पहुंचती है. लेकिन, तस्करों को इसकी भनक पहले ही लग जाती है.
