मुजफ्फरपुर : बाइक सवार बदमाशों ने दो घंटे के भीतर ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के कृष्णा टोली में रिटायर्ड इंजीनियर की पत्नी तारा गुप्ता व सदर थाना क्षेत्र के भगवानपुर गोलंबर पर शिक्षिका निभा कुमारी से चेन छीन ली. इस बाबत दोनों ने थाने में लिखित शिकायत दी है.
पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है.
पहली वारदात सुबह सात बजे कृष्णाटोली रोड नंबर 4 में हुई. रिटायर्ड इंजीनियर दिनेश चंद्र गुप्ता व उनकी पत्नी तारा गुप्ता मॉर्निंग वॉक से घर लौट रहे थे. इस बीच चांदनी चौक के तरफ से पल्सर सवार दो बदमाशों ने उनकी पत्नी के गले से चेन व मंगलसूत्र छीनकर लक्ष्मी चौक की ओर भाग निकले.
दूसरी वारदात सुबह नौ बजे भगवानपुर गोलंबर पर हुई. बजरंगपुरम की रहनेवाली शिक्षिका निभा कुमारी से अपाचे बाइक सवार दो बदमाशों ने चेन ली. पीड़िता ने बताया कि वह कुढ़नी प्रखंड के केसरमा बुनियादी विद्यालय जाने के लिए सुबह बस पकड़ने के लिए भगवानपुर गोलंबर पर खड़ी थी. इस बीच दो बदमाशों ने छीन ली.
मोतीझील में जंक्शन से लौट रही महिला से चेन छीनी
मोतीझील ओवरब्रिज पर गुरुवार की अहले सुबह बाइकर्स गैंग ने महिला से चेन छीन ली. महिला मॉर्निंग वाक पर निकली थी. पीड़िता कलमबाग चौक इलाके की रहने वाली है. हालांकि, इस संबंध में नगर थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं की है. लेकिन, घटना की जानकारी होते ही पुलिस बाइकर्स की तलाश में लगी है.
रिटायर्ड आर्मी की पत्नी से चेन छीननेवाला धराया, पीटा
काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के जेनिथ पेट्रोल पंप के समीप रिटायर्ड सैनिक अजय कुमार की पत्नी किरण देवी से चेन छिनतई के आरोपित को भीड़ ने आरडीएस कॉलेज के समीप गुरुवार की दोपहर एक बजे पकड़ लिया. आरोपित की पहचान पोखरियापरी के मो. शाहिद के रूप में हुई. पीड़िता किरण देवी ने भी आरोपित की पहचान कर ली है.
बताया जाता है कि शाहिद गुरुवार को आरडीएस कॉलेज के बीएससी के छात्र राहुल कुमार झा को जबरन खींच कर सुनसान जगह पर ले जा रहा था. उसके शोर मचाने पर भीड़ ने शाहिद को पकड़ लिया.
