मुजफ्फरपुर : काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के पंखाटोली में मंगलवार की रात वार्ड संख्या 25 के वार्ड पार्षद संतोष महाराज के घर पर पुलिस ने छापेमारी की. छापेमारी के दौरान पुलिस ने जुआ खेलते दो लोगों को हिरासत में ले लिया. वहीं मौके से ताश के पत्ते,मोबाइल व 23 सौ रूपये नगद बरामद किया है. जिसके बाद सभी को पुलिस थाना ले आयी.
स्थानीय लोगों ने पुलिस पर पैसा लेकर गिरफ्तार दो अन्य लोगों को छोड़ने का अारोप लगाते हुए हंगामा किया. थानेदार के समझाने के बाद सभी शांत हुए . मामले में एएसआई दिनेश्वर उपाध्याय के बयान पर पार्षद समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है.
एएसआई ने कहा है कि मंगलवार की शाम वह गश्ती में थे, तभी सूचना मिली की वार्ड पार्षद के घर में जुआ खेला जा रहा है. जिसके बाद टीम के साथ छापेमारी की गयी तो मौके से दो लोगों को ताश के पत्ते,मोबाइल व नगद 23 सौ रुपये के साथ गिरफ्तार किया गया. वहीं दो लोग मौके से फरार हो गये. जिसके बाद दोनों को थाना लाया गया.
तीनों से पूछताछ की जा रही है. थानाध्यक्ष अरूण कुमार ने बताया वार्ड पार्षद संतोष महाराज के घर से जुआ खेलते दो लोगों को पकड़ा गया है. तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. वहीं रुपये लेकर छोड़ने के आरोप की जांच की जा रही है. वार्ड पार्षद संतोष महाराज ने कहा कि उनके घर के सामने एक एस्बेटस का रूम है. जिसमें कार्यकर्ता आकर बराबर बैठते हैं. मंगलवार को भी मनोरंजन को लेकर कुछ लेाग ताश खेल रहे थे. इसी बीच पुलिस ने छापेमारी की और लोगों को पकड़ा.
लोगों ने थाने पर किया हंगामा
स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिस मौके से चार लोगों को गिरफ्तार कर लायी थी. थाना पर लाने के बाद दो लोगों को पैसा लेकर छोड़ दिया गया. इसके बाबत पूछने पर एएसआई ने लोगों के साथ बकझक किया. वहीं लोगों का आरोप है कि जुआ स्थल से पुलिस ने करीब दो लाख रुपये जब्त किये थे. उन पैसों को रख लिया गया है .
स्थानीय लोगों की मानें तो छोड़े गये दोनों व्यक्तियों से भी एक करीब एक लाख रुपये एएसआई ने लिया है. वार्ड पार्षद संतोष महाराज ने कहा कि ताश या जुआ चार लोग खेलते हैं. लेकिन दो लोग ही पकड़े गये हैं. दो लोगों को रुपये लेकर छोड़ने की बात सामने आयी है.
