गरीबनाथ मंदिर न्यास ने जिला प्रशासन से किया अनुरोध
मुजफ्फरपुर : रामदयालु से गरीबनाथ मंदिर के मार्गों के निरीक्षण के बाद कांवरियों के लिए मार्ग तय किया जाये. इससे प्रशासन व स्वयंसेवकों को जलाभिषेक कराने में सुविधा होगी. यह मांग गरीबनाथ मंदिर न्यास ने जिला प्रशासन से की है. पिछली बार हरिसभा व कल्याणी चौक पर भगदड़ की स्थिति होने के कारण कांवरिया मार्ग पर फिर से विचार किया जा रहा है. मंदिर के पुजारी विनय पाठक ने कहा कि डीएम से अनुरोध किया गया है
कि वे हमलोगों के साथ चल कर कांवरिया मार्ग देखें. इससे कांवरियां मार्ग तय करने में सुविधा होगी.
आठ को होगी स्वयंसेवकों के साथ बैठक : कांवरियों को सेवा सहित सुरक्षित जलाभिषेक के लिए गरीबनाथ मंदिर न्यास समिति आठ को स्वयंसेवकों के साथ बैठक करेगी. इस मौके पर करीब दस संस्थाओं के प्रतिनिधि उपलब्ध रहेंगे. कौन-सी संस्थाएं किस स्थल पर कांवरियों की सेवा करेगी, यह तय किया जायेगा. संस्थाओं का अपना ड्रेस कोड होगा. सभी सदस्यों को आइ कार्ड दिये जायेंगे. विनय पाठक ने कहा कि इस बार 800 से ज्यादा स्वयंसेवक रविवार से सोमवार तक सेवा देंगे.
