मुजफ्फरपुर : शनिवार की शाम को हुई थोड़ी देर की बारिश में आधा से अधिक शहर झील में तब्दील हो गया. शहर के प्रमुख बाजार, मोतीझील, धर्मशाला चौक, इस्लामपुर, स्टेशन रोड, जवाहर लाल रोड, कल्याणी, सूतापट्टी, गरीबस्थान रोड, केदारनाथ रोड, अंडी गोला, सिकंदरपुर सहित कई इलाकों में घुटनों तक पानी जमा हो गया. स्टेशन रोड में गड्ढों में पानी समा जाने के कारण कई बाइक सवार उसमें गिरते रहे. सड़क किनारे रखा गड्ढे का मलबा पानी के कारण वापस उसी में चला गया. करीब तीन घंटे बाद धर्मशाला चौक और स्टेशन रोड से पानी कम होना शुरू हुआ. हालांकि देर शाम तक बेहद दयनीय स्थिति बनी रही.
मुजफ्फरपुर. जिले में शनिवार को मॉनसून की पहली तेज बारिश हुई. हालांकि, बारिश का जोर शहर व आसपास के इलाके तक ही सीमित रहा. ग्रामीण क्षेत्र में मात्र बूंदाबांदी हुई. बारिश का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि करीब 45 मिनट की बारिश में शहर की अधिकांश सड़कें पानी में डूब गयीं. मौसम विभाग पूसा से मिली जानकारी के अनुसार, एक से पांच जुलाई के बीच तेज बारिश की संभावना है. विभाग के नोडल पदाधिकारी ए सत्तार के अनुसार, मैदानी इलाकों की तुलना में तराई क्षेत्रों में अधिक बारिश होगी.
अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री के आसपास रह सकता है. न्यूनतम 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच में रहेगा. सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 85 से 90 प्रतिशत व दोपहर में 55-65 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है. शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री व न्यूनतम 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान के बराबर है.
