मुजफ्फरपुर : शहर से लेकर देहात तक शुक्रवार को बाइकर्स गैंग ने तीन घंटे के भीतर 8.10 लाख रुपये लूट लिये. दोपहर सवा बारह बजे अतिसुरक्षित माने जानेवाले कमिश्नरी गेट के पास एमबीबीएस के छात्र रोहित कुमार से 1़ 10 लाख रुपये की छीन लिये. वह अपराधियों से भिड़ गया. तीस मीटर तक अपराधियों ने उसे बाइक से घसीट दिया. वहीं एक बजे सकरा थाना के क्षेत्र के रूपनपट्टी में रिटायर बिजलीकर्मी रामशीष साह से दो लाख रुपये लूट कर फरार हो गये. पौने तीन बजे प्रभात सिनेमा कैंपस में कंस्ट्रक्शन कंपनी के मैनेजर अमोद कुमार सिंह की बाइक की डिक्की तोड़ कर पांच लाख रुपये उड़ा लिये.
दिनदहाड़े एक के बाद एक घटना को अंजाम देकर अपराधियों ने जिला पुलिस को खुली चुनौती दी. घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थानाध्यक्ष केपी सिंह पुलिस बल के साथ पूरे दिन अपराधियों के सुराग जुटाने में लगे रहे.सीसीटीवी में बाइक सवार दो अपराधियों की स्पष्ट तसवीर दिखी है. हुलिया के आधार पर पुलिस कोढा गिरोह की करतूत मान रही है. बाइक सवार अपराधियों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज उनकी पहचान की जा रही है.
दोनों घटनाअों में सीसीटीवी फुटेज जांच की गयी है. अपराधियों की शिनाख्त कर उनकी गिरफ्तारी को छापेमारी की जा रहीं है.
केपी सिंह, नगर थानाध्यक्ष
