Munger News : मुंगेर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शनिवार की देर शाम पुरानी रंजिश को लेकर बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी. गोली युवक के बाएं हाथ की बाजू को छेदते हुए बाहर निकल गई. गोली लगने से घायल 35 वर्षीय जियाउल-हक को आनन-फानन में इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना की सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है.
सब्जी लेकर घर लौट रहा था युवक, रास्ते में रोका
बताया जाता है कि जियाउल-हक शनिवार की देर शाम हसनपुर से सब्जी लेकर अपने घर बाकरपुर लौट रहा था. इसी दौरान गांव के ही एक व्यक्ति ने उसे अपने घर के पास रोक लिया. आरोप है कि इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई. घटना के बाद जियाउल-हक ने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को मामले की जानकारी दी.
थाना से लौटते समय फिर घेर लिया
पुलिस की ओर से उसे थाना पहुंचकर लिखित शिकायत देने की बात कही गई. इसके बाद जब जियाउल-हक थाना से अपने घर लौट रहा था, तभी मुरली पहाड़ के पास गांव के विरोधियों ने उसे रास्ते में रोक लिया. आरोप है कि दोनों ने उसके साथ दोबारा मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान आरोपितों ने युवक पर गोली चला दी.
बाजू को छेदकर निकल गई गोली
गोली जियाउल-हक के बाएं हाथ की बाजू में लगी और शरीर को छेदते हुए बाहर निकल गई. गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे. इसके बाद स्वजन और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया.
इमरजेंसी में चल रहा घायल युवक का इलाज
सदर अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक ने बताया कि गोली युवक की बाजू को छेदते हुए निकल गई है. फिलहाल उसका इलाज किया जा रहा है. घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है.
