संग्रामपुर. संग्रामपुर क्षेत्र में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है. बेलहर थाना क्षेत्र के तरी मंझगांय गांव निवासी वीरेंद्र दास की पत्नी निर्मला देवी संग्रामपुर बैंक से नकदी निकाल कर गिरवी रखे जेवर छुड़ा कर जब वापस घर लौट रही थी, तो इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधियों ने पीछा कर नकदी व जेवर छीनने का प्रयास किया. जब महिला ने विरोध किया तो अपराधियों ने गोली चला दी, जो उनके दाहिने पैर में लगी. गोली लगते ही निर्मला देवी घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी नकदी और जेवर लेकर मौके से फरार हो गया. गोली चलने की आवाज सुन आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और घायल महिला को इलाज के लिए तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, संग्रामपुर पहुंचाया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए भागलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया. इलाज कर रहे डॉक्टर गौतम साहा ने बताया कि जख्मी महिला खतरे से बाहर है, उसकी गोली निकल गयी है. घटना की सूचना मिलते ही बेलहर थाना पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके. बेलहर थानाध्यक्ष दिनेश कुमार वर्मा ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू पर जांच की जा रही है.
महिला को गोली मारकर लूट, भागलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर
संग्रामपुर क्षेत्र में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है.
