शहर के दिलावरपुर में वनकर्मी के बंद घर से 10 लाख के जेवरात व अन्य समान की चोरी

मुंगेर के दिलावरपुर में वनकर्मी के बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने 10 लाख रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मुंगेर. शहर के दिलावरपुर काली स्थान के पीछे गुपचुप गली निवासी श्रवण कुमार के बंद घर में चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया. चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये से भी अधिक बताई जा रही है. चोरी कब हुई इसका सही अनुमान किसी को नहीं है. चोरों ने चोरी करने के बाद घर के गेट में दूसरा ताला लगा दिया था. पीड़ित व्यक्ति ने घटना की सूचना पूरबसराय थाना को दी. पीड़ित वनकर्मी हैं. श्रवण कुमार पुरे परिवार के साथ खगड़िया में रह रहे हैं. शनिवार की सुबह जब वह घर से कुछ सामान लेने मुंगेर पहुंचे तो घटना का पता चला. घर पहुंचने पर श्रवण कुमार ने देखा कि मुख्य दरवाजे पर उनके लगाए ताले की जगह दूसरा ताला लगा हुआ है.

शक होने पर केयरटेकर से की पूछताछ

शक होने पर उन्होंने केयरटेकर को बुलाकर ताले के बारे में पूछा. केयरटेकर ने बताया कि उसने घर में कोई ताला नहीं लगाया है. इसके बाद श्रवण कुमार ने ताला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया तो वहां का दृश्य देखकर दंग रह गए. घर के कमरों में सामान बिखरा पड़ा था. अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था, जबकि बॉक्स पलंग भी खुला पड़ा था. जांच करने पर पता चला कि चोरों ने घर में रखे सोने की चेन, कान की बाली, अंगूठी, नथ समेत चांदी के जेवरात चोरी कर लिए हैं. इसके अलावा एलसीडी, होम थिएटर और करीब 40 हजार रुपये नकद भी चोर ले गए.

वनकर्मी का खगड़िया हो गया था तबादला

श्रवण कुमार ने बताया कि वह वन विभाग में कार्यरत हैं. करीब एक वर्ष पहले उनका तबादला खगड़िया हो गया था, जिसके बाद वह पूरे परिवार के साथ खगड़िया में रह रहे हैं. मुंगेर स्थित घर बंद रहता था और उसकी देखरेख के लिए केयरटेकर रखा गया था. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही चोरों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है.

चोरी के बाद पीड़ित के घर में पसरा सामान | Prabhat Khabar Network


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Birendra Kumar Sing

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >