धरहरा-फुलका-जमालपुर मार्ग पर निर्माणाधीन सड़क पर जलजमाव से परेशानी
सड़क की अधूरी निर्माण स्थिति व जल निकासी की कमी ने दुर्घटनाओं को बढ़ाया
जमालपुर. लगातार रुक-रुक कर शुक्रवार की संध्या से हो रही बारिश ने धरहरा-फुलका-जमालपुर सड़क को नाले में तब्दील कर दिया है. इस कारण शनिवार को इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ा और कई लोग गिरने या वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने से घायल हो गए.जानकारी के अनुसार यह सड़क अभी निर्माणाधीन है. कार्यकारी एजेंसी ने सड़क की ऊंचाई जेसीबी से घटाई है, लेकिन नई सड़क अब तक पूरी नहीं बन पाई है. सड़क के दोनों तरफ घरों की देहरी तक फुटपाथ ऊँचा होने के कारण पानी का निकास मार्ग नहीं बन पाया है और बारिश का पानी सड़क पर जमा होकर नाले जैसा बन गया है. इसके चलते फुलका गुमटी से लेकर 6 नंबर गेट नालापार तक सड़क पर जलजमाव देखा गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि गड्ढों का पता नहीं चल पा रहा, जिससे वाहन दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है. इसके अलावा कार्यकारी एजेंसी ने गुरुवार की रात मोरंग डालने का कार्य शुरू किया था, लेकिन बारिश के कारण सड़क पर चलना भी मुश्किल हो गया है.
