तारापुर (मुंगेर) .भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर शनिवार को तारापुर के पार्वती नगर स्थित शकुनी चौधरी कॉलेज ऑफ एजुकेशन में शिक्षक दिवस मनाया गया. हर्षोल्लासपूर्ण माहौल में आयोजित कार्यक्रम में बीएड के प्रशिक्षुओं ने शिक्षकों के साथ मिलकर केक काटा और एक-दूसरे को केक खिलाकर शिक्षक दिवस की बधाई दी. मौके पर डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के तैलीय चित्र पर प्राध्यापक लूसी, प्रियंका, विकास कुमार, तारिक, विकास चौधरी, गोपाल कुमार, सुबंधु कुमार, मणिकांत प्रताप सिंह, श्रीराम कुमार और राकेश सहित प्रशिक्षुओं ने पुष्पांजलि अर्पित की. महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ राकेश रंजन ने भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद डॉ. राधाकृष्णन के व्यक्तित्व व कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला.
डॉ. राधाकृष्णन को बचपन से ही पठन-पाठन का गहरा शौक
5 सितंबर 1888 को तमिलनाडु के तिरुमनी गांव में जन्मे डॉ. राधाकृष्णन को बचपन से ही पठन-पाठन का गहरा शौक था. उन्होंने अपने जन्मदिवस को शिक्षकों के सम्मान में समर्पित करने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद से यह दिन पूरे देश में शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है. विभागाध्यक्ष सोहैल कमर ने कहा कि वे कल के भावी शिक्षक हैं, इसलिए उन्हें डॉ. राधाकृष्णन के आदर्शों को अपने जीवन में उतारकर एक कुशल एवं समर्पित शिक्षक बनने का प्रयास करना चाहिए. अंत में बीएड के प्रशिक्षु शालिनी, शिल्पी, पृथा, शहंशाह, मुस्कान, नंदनी, रंजनी, त्रिदीप, सुप्रिया, नीतू, खुशी, रोशनी, अनामिका, रुखसार व प्रवीण कुमार सहित अन्य ने शिक्षकों व शिक्षकेत्तर कर्मियों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया.
