तारापुर में सड़कों पर उतरे छात्र, निकाला शांतिपूर्ण आक्रोश मार्च, जमकर की नारेबाजी

तारापुर में छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक के खिलाफ शांतिपूर्ण मार्च निकाला. छात्रों ने सरकार से परीक्षा प्रणाली में सुधार और सख्त कार्रवाई की मांग की है.

तारापुर (मुंगेर). देश में लगातार हो रहे पेपर लीक तथा छात्रों व युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर शनिवार को तारापुर में छात्रों ने शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला. मार्च आरएस कॉलेज परिसर के समीप से शुरू होकर तारापुर शहीद स्मारक चौक होते हुए मुख्य बाजार का भ्रमण कर प्रखंड कार्यालय स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तक पहुंचा. छात्रों ने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की एवं गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया. आरएस कॉलेज के छात्र अंकित कुमार के नेतृत्व में निकले मार्च में बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए. प्रदर्शन के दौरान छात्र हाथों में तख्तियां लेकर शिक्षा व्यवस्था में सुधार,परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा की मांग कर रहे थे.


पुलिस बल की भारी संख्या में रही तैनाती

मार्च पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तारापुर थानाध्यक्ष राजकुमार के नेतृत्व में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहा. पुलिस बल पूरे मार्ग में मार्च के साथ मौजूद रहा, जिससे कार्यक्रम शांति पूर्वक संपन्न हुआ. मार्च के दौरान छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक की घटनाओं तथा केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में नारे लगाए. प्रदर्शनकारियों ने पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, परीक्षा प्रणाली में सुधार और छात्रों की समस्याओं के समाधान की मांग की साथ ही विभिन्न राजनीतिक नारों के माध्यम से भी अपनी नाराजगी व्यक्त की. छात्र नेताओं ने कहा कि यदि शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन आगे भी जारी रहेगा.


छात्रों ने तख्तियां लिखकर शिक्षामंत्री का मांगा इस्तीफा

मार्च में शामिल छात्रों ने हाथों में लिए तख्ती पर लिखे स्लोगन जनता का मांग साफ है. धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा इंसाफ है. लोकतंत्र का सम्मान करो,जनता की मांग स्वीकार करो. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो, अगला प्रधानमंत्री शादी शुदा हो,जो मन की बात पत्नी से और काम की बात जनता से करें. चाय बेचो ,देश नहीं. मोदी सरकार हाय-हाय, युवाओं के साथ खिलवाड़ बंद करो, पेपर लीक के दोषियों को सख्त सजा दो, तानाशाही नहीं चलेगी आदि नारे लगा रहे थे. कार्यक्रम को सफल बनाने में अनीकेत कुमार, निलेश कुमार, शुभम कुमार, निकेत कुमार, अभिनव कुमार, उज्ज्वल कुमार, सचिन कुमार, संदीप कुमार, एमडी हसरत, आदित्य आकाश और सन्नी कुमार की मुख्य भूमिका रही.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय वर्मा

संजय वर्मा प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. तारापुर (भागलपुर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >