मुंगेर, तारापुर. तारापुर में नवपदस्थापित आइएस सह अनुमंडल अधिकारी महेश कुमार ने अधिकारियों और कर्मियों को समय पर कार्यालय आने और समय से कार्य समाप्त कर जाने का निर्देश दिया है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी अधिकारी या कर्मी बाहरी व्यक्ति के दबाव में काम न करे. प्रशासन की पहली प्राथमिकता आम लोगों की समस्याओं का समाधान करना और फरियाद लेकर आने वाले लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान होने से बचाना है. वे सोमवार को अनुमंडल सभाकक्ष में अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे.
भयमुक्त होकर काम करें अधिकारी और कर्मी
एसडीओ महेश कुमार ने अधिकारियों और कर्मियों को भयमुक्त होकर काम करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि किसी भी बाहरी दबाव में आकर प्रशासनिक कार्य नहीं किया जाना चाहिए. अधिकारियों और कर्मियों को नियमों के अनुरूप निष्पक्ष तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा गया.
आम लोगों को नहीं लगाना पड़े कार्यालयों के चक्कर
एसडीओ ने कहा कि अपनी फरियाद लेकर कार्यालय पहुंचने वाले आम लोगों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाना चाहिए. किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशान या एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय का चक्कर लगाने के लिए मजबूर नहीं किया जाए.
उन्होंने शिकायतों और आवेदनों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. इसमें किसी तरह की लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी या कर्मी के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी.
योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा
समीक्षा बैठक के दौरान तारापुर, असरगंज और संग्रामपुर प्रखंडों में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गयी. प्रशासनिक, पुलिस और तकनीकी विभागों से जुड़े अधिकारियों से योजनाओं की स्थिति और कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गयी.
एसडीओ ने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने विभागों से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा कराने पर जोर दिया.
मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर भी हुई चर्चा
बैठक के दौरान आगामी 9 और 10 सितंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के तारापुर आगमन को लेकर भी चर्चा होने की बात सामने आयी. हालांकि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है. इसलिए इसे संभावित कार्यक्रम के रूप में ही देखा जा रहा है.
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में एसडीपीओ निशांत गौरव, डीसीएलआर विक्रम भास्कर झा, पीजीआरओ शशांक कुमार समेत तीनों प्रखंडों के बीडीओ और सीओ मौजूद रहे. इसके अलावा मनरेगा, जीविका, बिजली, पीएचईडी, सिंचाई विभाग के अधिकारी तथा सहायक और कनीय अभियंता भी बैठक में शामिल हुए.
