– बुडको के एमडी ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा, लो प्रेशर व अधूरे कनेक्शन पर बनी कार्ययोजना मुंगेर. बुडको के प्रबंध निदेशक अनिमेष कुमार पराशर बुधवार को समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में मुंगेर नगर निगम एवं जमालपुर नगर परिषद के अधिकारियों के साथ बैठक कर शहरी जलापूर्ति योजना एवं सीवरेज व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की. बैठक में जलापूर्ति योजना की कमियों को दूर करने तथा 2027 में गर्मी शुरू होने से पहले हर घर तक नल का जल पहुंचाने को लेकर कार्ययोजना तैयार की गई. विदित हो कि केंद्रीय मंत्री सह मुंगेर के सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के निर्देश पर बुडको के अधिकारी मुंगेर पहुंचे हैं. बैठक में बताया गया कि मुंगेर शहरी क्षेत्र के लगभग 15 वार्डों में जलापूर्ति से संबंधित समस्याएं बनी हुई है. कई वार्डों में पाइपलाइन में लो प्रेशर के कारण लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है. इसे लेकर तकनीकी स्तर पर प्लान तैयार किया जा रहा है ताकि अगले वर्ष गर्मी शुरू होने से पहले योजना को पूरी तरह चालू किया जा सके. बुडको के एमडी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन घरों तक अब तक सीवरेज पाइपलाइन का कनेक्शन नहीं पहुंचा है, उन्हें चिन्हित कर जल्द जोड़ा जाए. इसके साथ ही जमालपुर नगर परिषद क्षेत्र के 11 वार्डों में भी जलापूर्ति की समस्या पर चर्चा की गई. अधिकारियों ने बताया कि इन क्षेत्रों में भी आवश्यक सुधारात्मक कार्य जल्द शुरू किए जाएंगे. नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता ने बताया कि मुंगेर नगर निगम क्षेत्र के 13 वार्डों में पीएचईडी के माध्यम से कराए गए कार्यों में जो समस्याएं सामने आई हैं, उन्हें दूर करने के लिए विभाग को निर्देशित किया गया है. वहीं जिन दो वार्डों में लो प्रेशर की समस्या है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराया जाएगा. उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा कराए गए सर्वे के अनुसार शहरी क्षेत्र में कुल 47 हजार हाउस होल्ड हैं, जिनमें से करीब 18 हजार घरों में अब तक नल जल कनेक्शन नहीं हो पाया है. निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी घरों तक कनेक्शन पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है. बैठक में मेयर कुमकुम देवी समेत नगर निगम, बुडको एवं संबंधित विभागों के कई अभियंता व अधिकारी मौजूद रहे.
मुंगेर-जमालपुर जलापूर्ति योजना : 2027 की गर्मी से पहले हर घर पहुंचेगा नल का जल
बुडको के एमडी ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा, लो प्रेशर व अधूरे कनेक्शन पर बनी कार्ययोजना
