पीजी में नामांकन व स्नातक सेमेस्टर-दो के रिजल्ट का विद्यार्थियों कर रहे इंतजार

मुंगेर विश्वविद्यालय नए साल के अवकाश के बाद सोमवार से सुचारू रूप से खुल जायेगा

मुंगेर.

मुंगेर विश्वविद्यालय नए साल के अवकाश के बाद सोमवार से सुचारू रूप से खुल जायेगा. जिसके बाद अब एमयू के साथ उनके विद्यार्थियों के लिए भी सबसे महत्वपूर्ण कार्य सत्र 2025-27 पीजी सेमेस्टर-एक की रिक्त सीटों पर नामांकन और सत्र 2024-28 स्नातक सेमेस्टर-दो का रिजल्ट होगा. पीजी में नामांकन और स्नातक सेमेस्टर-दो के रिजल्ट का इंतजार विद्यार्थियों को काफी लंबे समय से है.

दो माह बाद भी अबतक पूरी नहीं हो पायी नामांकन प्रक्रिया

एमयू में सभी शैक्षणिक सत्र लगातार बेपटरी होते जा रहे हैं. हाल यह है कि दो माह में भी विश्वविद्यालय अपने सत्र 2025-27 पीजी सेमेस्टर-एक के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूर्ण नहीं कर पायी है. जिसके कारण पीजी का सत्र आरंभ होने से पहले ही अनियमित हो चुका है. विदित हो कि एमयू की ओर से नवंबर माह के आरंभ में ही पीजी सेमेस्टर-एक में नामांकन की प्रक्रिया आरंभ की गयी. जिसके लिए 17 नवंबर को ही पहली मैरिट लिस्ट जारी की गयी, लेकिन इसके बाद जहां नया साल आरंभ हो चुका है. वहीं अबतक विश्वविद्यालय उक्त सत्र के लिए केवल चार मैरिट लिस्ट में ही नामांकन कर पाया है. जबकि अबतक उक्त सत्र में लगभग एक हजार सीट रिक्त हैं. जिसके लिए विश्वविद्यालय के पास अबतक लगभग 2 हजार से अधिक विद्यार्थियों के आवेदन हैं. ऐसे में अब नये साल में विश्वविद्यालय खुलने के बाद विद्यार्थी को पीजी में नामांकन पूर्ण होने का इंतजार है. हलांकि विश्वविद्यालय उक्त सत्र में अबतक कुल नामांकन की समीक्षा के बाद ऑन-द-स्पॉट नामांकन की प्रक्रिया आरंभ करेगा.

रिजल्ट में देरी, शैक्षणिक व्यवस्थाओं पर सवाल

विश्वविद्यालय की ओर से लगातार रिजल्ट प्रकाशन में हो रहे विलंब ने भी विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़ा करना शुरू कर दिया है. एमयू में शैक्षणिक सत्रों की बदहाली का आलम यह है कि यहां विद्यार्थियों का भविष्य विश्वविद्यालय नहीं, बल्कि उसके एजेंसी के हाथों में है. जिसके कारण ही सीबीसीएस के सत्र 2024-28 स्नातक सेमेस्टर-2 की परीक्षा समाप्त हुये चार माह बीत चुका है, लेकिन विश्वविद्यालय अबतक उक्त सत्र का रिजल्ट जारी नहीं कर पाया है. जिससे अब विद्यार्थियों का अपने सत्र को लेकर धैर्य भी टूटने लगा है. हलांकि विश्वविद्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार रिजल्ट तैयार करने वाली एजेंसी द्वारा 5 से 6 जनवरी तक रिजल्ट उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है. जिसके बाद विश्वविद्यालय द्वारा उक्त सत्र का रिजल्ट जारी किया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AMIT JHA

AMIT JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >