बकलिंग और फ्रैक्चर से निबटने के लिए स्पेशल सेफ्टी ड्राइव शुरू

रेल सुरक्षा को लेकर पहल

जमालपुर. गर्मी में रेलवे ट्रैक फैलती है. इसके कारण बकलिंग और फ्रैक्चर की आशंका बनती है. इस प्रकार की स्थिति से निबटने के लिए मालदा रेल मंडल ने अभी से ही परिचालन और सुरक्षा विभाग के लिए हाई अलर्ट जारी कर दिया है. इसी को देखते हुए जमालपुर में इंजीनियरिंग विभाग ने कार्य आरंभ कर दिया है.

जानकारी के अनुसार, आने वाले दिनों में तेज गर्मी की संभावना को देखते हुए मशीन के साथ में पावर को इस काम में लगाया गया है. इसके लिए एट व्हीलर टावर कार के साथ अन्य मशीनरी और ट्रैकमैन द्वारा बुधवार को जमालपुर स्टेशन के निकट ट्रैक मेंटेनेंस का कार्य किया गया. इस दौरान पटरियाें में आने वाले सूक्ष्म बदलाव और ओवरहेड बिजली तार तथा ट्रैक के एलाइनमेंट की बारीकी से मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी की आशंका का तलाश किया जाये और ऐसा होने के पहले वहां सब कुछ दुरुस्त कर दिया जाये. जानकारी के अनुसार, जब तापमान अपने चरम पर पहुंच जाता है, तब रेल की पटरी के फैलने का जोखिम सबसे अधिक होता है. इस चुनौती से निबटने के लिए रेलवे ने हॉट वेदर पेट्रोलिंग शुरू की है. इसके तहत अपराह्न 12:00 बजे से संध्या 4:00 बजे के बीच जब सबसे अधिक गर्मी होती है. ट्रैकमैन पटरियाें पर पैदल चलकर एक-एक इंच की जांच करेंगे. बताया गया कि तेज गर्मी में लोहा फैलता है. जिसके कारण पटरी टेढ़ी हो सकती है. इस घटना को ही बकलिंग कहा जाता है. बकलिंग होने की स्थिति में ट्रेन पटरी पर से उतर सकती है और बड़े हादसे की आशंका होती है. ऐसे में पटरियों की देखरेख करने वाले स्टाफ की जिम्मेवारी बढ़ जाती है और इसके लिए ट्रैकमैन सहित गश्ती दल को आधुनिक उपकरणों से लैस किया गया है.

बोले मंडल रेल प्रबंधक

इस संबंध में मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता ने बताया कि रेल प्रशासन का मुख्य लक्ष्य यात्रियों की सुरक्षा और उनको बगैर देरी और डर के गंतव्य तक पहुंचना है. इसी को लेकर यह अभियान चलाया जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RANA GAURI SHAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >