Munger Health News : सदर अस्पताल सहित जिले के विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों की सुविधा के लिए जल्द ही वार्ड ब्वॉय और स्ट्रेचर मैन की तैनाती की जाएगी. स्वास्थ्य विभाग ने सुरक्षा कर्मी उपलब्ध कराने वाली एजेंसी सामंथा को जिले के अस्पतालों में आवश्यक मानवबल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. इससे अस्पतालों में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में सुधार होने की उम्मीद है.
कर्मियों की कमी से मरीजों को हो रही थी परेशानी
सिविल सर्जन डॉ. राजू ने बताया कि सदर अस्पताल सहित जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में लंबे समय से वार्ड ब्वॉय और स्ट्रेचर मैन की कमी बनी हुई है. इसके कारण मरीजों को भर्ती, वार्ड तक पहुंचाने और अन्य जरूरी सेवाओं में परेशानी का सामना करना पड़ता था. कई बार स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित होती थीं. विभागीय निर्देश के बाद अब इस कमी को दूर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
एजेंसी को जल्द मानव बल उपलब्ध कराने का निर्देश
सिविल सर्जन ने बताया कि एजेंसी को जल्द से जल्द सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक मानवबल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं. जिले में पहले से सामंथा एजेंसी द्वारा सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था की जा रही है. अब इसी एजेंसी के माध्यम से वार्ड ब्वॉय और स्ट्रेचर मैन भी उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे अस्पतालों की कार्यप्रणाली और अधिक सुचारु होगी.
सदर अस्पताल को मिलेंगे सबसे अधिक कर्मी
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सदर अस्पताल में 42 वार्ड ब्वॉय और 18 स्ट्रेचर मैन तैनात किए जाएंगे. इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र असरगंज, धरहरा, हवेली खड़गपुर और संग्रामपुर, अनुमंडल अस्पताल तारापुर एवं हवेली खड़गपुर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरियारपुर, जमालपुर और टेटियाबंबर में भी आवश्यकता के अनुसार वार्ड ब्वॉय और स्ट्रेचर मैन की तैनाती की जाएगी. जिले के सभी अस्पतालों को मिलाकर कुल 155 वार्ड ब्वॉय और 66 स्ट्रेचर मैन उपलब्ध कराए जाएंगे.
मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की उम्मीद
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि नए मानवबल की तैनाती से मरीजों को समय पर स्ट्रेचर, वार्ड सहायता और अन्य आवश्यक सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी. इससे अस्पतालों में कार्यभार भी कम होगा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आएगा. मरीजों और उनके परिजनों को भी बेहतर और त्वरित सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
