आवासीय विद्यालय में गर्मी से सात छात्राएं हुई बेहोश

पंखे बंद होने और उमस बढ़ने से सांस लेने में परेशानी होने लगी, जिसके बाद कई छात्राएं चक्कर खाकर गिर पड़ी.

संग्रामपुर

प्रखंड के कटियारी पंचायत स्थित पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा वर्ग आवासीय 2 बालिका विद्यालय, पतघाघर में बुधवार को भीषण गर्मी और बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण सात छात्राएं बेहोश हो गई. घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आनन-फानन में सभी छात्राओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर में भर्ती कराया गया. जहां चिकित्सकों ने इलाज कर उन्हें खतरे से बाहर बताया.

बेहोश हुई छात्राओं ने बुनियादी सुविधाओं का बताया अभाव

बेहोश हुई छात्राओं में खुशबू कुमारी (14 वर्ष), आराध्या कुमारी (14 वर्ष), प्रियांशु कुमारी (12 वर्ष), राली कुमारी (13 वर्ष), रिया कुमारी (14 वर्ष) और सोना भारती (13 वर्ष) सहित कुल सात छात्राएं शामिल है. सभी छात्राएं कक्षा 6 से 10वीं में अध्ययनरत है. अस्पताल में भर्ती छात्राओं ने बताया कि दोपहर में बिजली कट जाने से कमरा पूरी तरह गर्म हो गया था. पंखे बंद होने और उमस बढ़ने से सांस लेने में परेशानी होने लगी, जिसके बाद कई छात्राएं चक्कर खाकर गिर पड़ी. विद्यालय में लगभग 200 छात्राएं रहकर पढ़ाई करती है. लेकिन विद्यालय में पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं का गंभीर अभाव है. परिसर में लगा समरसेबल बोरिंग भी फेल है. पानी की जरूरत पूरी करने के लिए प्रतिदिन पीएचईडी से केवल तीन टैंकर पानी मंगाया जाता है.

कहती है प्रभारी

प्रधानाध्यापिका

विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका पुष्पा कुमारी ने बताया कि परिसर में बड़ा जनरेटर उपलब्ध है, लेकिन विभाग से डीजल के लिए राशि नहीं मिलने के कारण उसे चलाना संभव नहीं हो पा रहा है. उन्होंने कहा कि समस्या को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों को पत्र भेजा गया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ.

कहते हैं सीएचसी प्रभारी

सीएचसी प्रभारी डॉ एसएस राय ने बताया कि अत्यधिक गर्मी, बिजली-पानी की कमी और डिहाइड्रेशन के कारण छात्राएं हीट स्ट्रोक का शिकार हुई है. समय पर इलाज मिलने से सभी की स्थिति सामान्य है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ANAND KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >