हैंड ब्रेक भूलने से गंगा में जा गिरी स्कॉर्पियो, घंटों नदी की धारा के साथ तैरती रही गाड़ी

Scorpio Floating in Ganga: मुंगेर के सीताकुंड डीह घाट पर हैंड ब्रेक भूलने से स्कॉर्पियो गंगा में जा गिरी और घंटों तक नदी की धारा के साथ तैरती रही, लोग देखते रह गए

मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट:

Scorpio Floating in Ganga: सावधानी में हुई एक छोटी सी चूक ने बुधवार को सीताकुंड डीह गंगा घाट पर लोगों को हैरत में डाल दिया. घाट पर खड़ी एक स्कॉर्पियो अचानक ढलान से फिसलकर गंगा नदी में जा पहुंची और डूबने के बजाय नाव की तरह पानी की सतह पर तैरते हुए धारा के साथ बहने लगी.

जानकारी के अनुसार, सहरसा जिले के नैहाटी निवासी एवं जिला परिषद सदस्य चुन्नू मुखिया अपने स्कॉर्पियो वाहन से निवास मंडल के यहां आए थे. वाहन को गंगा घाट के पास खड़ा कर वे घर के अंदर चले गए. इसी दौरान चालक द्वारा कथित रूप से हैंड ब्रेक नहीं लगाया गया, जिसके कारण ढलान पर खड़ी गाड़ी धीरे-धीरे सरकते हुए सीधे गंगा नदी में जा गिरी.

पानी में डूबने के बजाय तैरती रही गाड़ी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन पानी में गिरने के बाद पूरी तरह डूबा नहीं, बल्कि कुछ समय तक नदी की सतह पर तैरता रहा. यह दृश्य देखकर घाट पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए और शोर मच गया.

सूचना मिलने पर वाहन मालिक चुन्नू मुखिया और निवास मंडल मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि स्कॉर्पियो गंगा की तेज धारा के साथ आगे बढ़ रही है.

बचाव के लिए चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन

स्थानीय लोगों की मदद से वाहन को बाहर निकालने का प्रयास किया गया. रस्सियों और अन्य साधनों का उपयोग किया गया तथा गोताखोरों को भी मौके पर बुलाया गया. हालांकि खबर लिखे जाने तक वाहन को नदी से बाहर नहीं निकाला जा सका था.

घाट पर जुटी भीड़, वीडियो हुआ वायरल

घटना के बाद घाट पर भारी भीड़ जुट गई. कई लोगों ने इस अनोखी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया. गंगा में तैरती स्कॉर्पियो पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी रही.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >