लालू एकता पार्क के समिप सड़क पर बैठे फुटकर विक्रेता. | Prabhat Khabar Network

अतिक्रमण हटाने के विरोध में सड़क पर उतरे फुटकर विक्रेता, एनएच 333 किया जाम, बाजार के पास वेंडिंग जोन की मांग

हवेली खड़गपुर में अतिक्रमण हटाने के विरोध में फुटकर विक्रेताओं ने NH 333 जाम किया. उनका दावा है कि प्रशासन ने बिना वैकल्पिक जगह दिए उनकी रोजी-रोटी छीन ली है. वे बाजार के पास ही वेंडिंग जोन चाहते हैं.

हवेली खड़गपुर. मुख्य बाजार को अतिक्रमण मुक्त कराने के विरोध में सोमवार को हवेली खड़गपुर में सैकड़ों की संख्या में फल, सब्जी और अन्य फुटकर विक्रेता सड़क पर उतर आये. आक्रोशित विक्रेताओं ने लालू एकता पार्क के समीप एकजुट होकर एनएच 333 और मुख्य बाजार की सड़क को जाम कर दिया. सड़क पर रस्सी लगाकर आवागमन बाधित किये जाने से एनएच 333 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. मालवाहक ट्रक, यात्री वाहन और छोटे-बड़े वाहन काफी देर तक जाम में फंसे रहे.

अतिक्रमण हटा, तो रोजी-रोटी का संकट होने का दावा

फुटकर विक्रेताओं का कहना था कि अनुमंडल प्रशासन ने मुख्य बाजार से अतिक्रमण तो हटा दिया, लेकिन अब तक उनके लिए कोई वैकल्पिक या अस्थायी वेंडिंग जोन चिन्हित नहीं किया गया है. विक्रेताओं ने आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान उनके फल, सब्जी और अन्य सामान को नुकसान पहुंचा, जिससे हजारों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ.

विक्रेताओं ने कहा कि वे वर्षों से मुख्य बाजार में फल, सब्जी और अन्य सामग्री बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते आ रहे हैं. बाजार से हटाये जाने के बाद उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है. उनका कहना था कि प्रशासन को अतिक्रमण हटाने के साथ ही फुटकर विक्रेताओं के लिए उचित वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए थी.

बाजार से दूर जगह पर दुकान लगाने को तैयार नहीं

एनएच 333 पर विरोध-प्रदर्शन करते फुटकर विक्रेता. | Prabhat Khabar Network

फुटकर विक्रेताओं के अनुसार, प्रशासन की ओर से गौशाला के समीप मनी नदी किनारे फल, सब्जी और अन्य सामग्री बेचने के लिए जगह उपलब्ध कराने की बात कही जा रही है. हालांकि विक्रेताओं ने वहां जाकर दुकान लगाने से इनकार किया.

विक्रेताओं का कहना है कि बाजार से दूर उक्त स्थान पर पर्याप्त ग्राहक नहीं मिलेंगे और वहां कारोबार करना उनके लिए व्यावहारिक नहीं होगा. उन्होंने मुख्य बाजार के समीप ही उचित स्थान पर वेंडिंग जोन उपलब्ध कराने की मांग की.

एनएच 333 पर वाहनों की लगी लंबी कतार

विक्रेताओं द्वारा सड़क पर रस्सी लगाकर जाम किये जाने के कारण एनएच 333 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. मालवाहक ट्रक, यात्री वाहन, छोटे-बड़े वाहन और राहगीर काफी देर तक जाम में फंसे रहे. आवागमन बाधित होने से वाहन चालकों और यात्रियों को परेशानी हुई. मुख्य बाजार में भी जाम के कारण अफरातफरी की स्थिति बनी रही.

वरीय पदाधिकारी के आदेश पर हटाया गया अतिक्रमण : ईओ

इस संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी विशाल मोहन ने कहा कि वरीय पदाधिकारी से मुख्य बाजार को अतिक्रमण मुक्त कराने का आदेश प्राप्त हुआ था. आदेश के अनुपालन में मुख्य बाजार को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है.

उन्होंने बताया कि अनुमंडल प्रशासन की ओर से गौशाला की जमीन पर वेंडिंग जोन बनाने की योजना है. वेंडिंग जोन तैयार होने के बाद फुटकर विक्रेताओं को वहां शिफ्ट किया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सौरभ कुमार

सौरभ कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. हवेली खड़गपुर (मुंगेर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >