दर्द से तड़पती रही गर्भवती, सुबह सात से रात 10 बजे तक नहीं लिया गया भर्ती

सदर अस्पताल में चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों की लापरवाही के कारण आये दिन मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है.

डीएम तक पहुंचा मामला, तो कई चिकित्सक व कर्मियों पर गिरी गाज

मुंगेर. सदर अस्पताल में चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों की लापरवाही के कारण आये दिन मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जबकि कई बार तो मरीजों के जान पर भी बन आती है. कुछ ऐसी ही परेशानी नयाटोला गढ़ीरामपुर निवासी गर्भवती मधुरी देवी को उठाना पड़ा, जो गुरुवार की सुबह सात बजे अस्पताल पहुंची, लेकिन रात 10 बजे तक उसे वार्ड में भर्ती नहीं किया गया, जबकि इस दौरान वह वार्ड के बाहर ही दर्द से कराहती रही. जिसके बाद परिजनों ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी से की. जिनके निर्देश के बाद गर्भवती का सिजेरियन प्रसव कराया गया. हालांकि मामले को लेकर गुरुवार को प्रसव केंद्र में तीनों शिफ्ट में तैनात चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों से सिविल सर्जन ने स्पष्टीकरण पूछने और 5 दिनों के वेतन कटौती का निर्देश अस्पताल उपाधीक्षक डॉ रामप्रवेश को दिया है.

दरअसल नयाटोला गढ़ीरामपुर निवासी कृष्ण पासवान के परिजन उसकी गर्भवती पत्नी माधुरी देवी को गुरुवार की सुबह सात बजे से ही प्रसव पीड़ा होने के बाद मॉडल अस्पताल के प्रसव केंद्र लेकर पहुंचे. जहां उसे प्रसव होने में विलंब होने की बात कहकर भर्ती नहीं किया गया. इस बीच पूरे दिन माधुरी देवी वार्ड के बाहर ही दर्द से कराहती रही. परिजनों ने बताया कि रात 10 बजे तक जब माधुरी देवी दर्द से कराहती रही और उसे भर्ती नहीं किया गया तो इसकी शिकायत जिलाधिकारी और सिविल सर्जन से की गयी. जिसके बाद सिविल सर्जन के निर्देश पर अस्पताल प्रबंधक मो तौसिफ हसनैन रात 10 बजे प्रसव केंद्र पहुंचे और डॉ निधि को बुलाकर माधुरी देवी का सिजेरियन प्रसव कराया गया.

गर्भवती सुबह सात बजे पहुंची और उसे रात 10 बजे तक भर्ती नहीं किया गया, जो गंभीर मामला है. मामले को लेकर अस्पताल उपाधीक्षक को निर्देशित किया गया है कि गुरुवार को प्रसव केंद्र में तीनों शिफ्ट में कार्यरत चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों से स्पष्टीकरण पूछते हुए सभी के पांच दिन के वेतन की कटौती की जाये.

डॉ राजू, सिविल सर्जनB

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT JHA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >