फिलीपींस से बिहार पहुंची दुल्हन, मंदिर में युवक संग रचाई शादी, फेसबुक से शुरू हुई प्रेम कहानी बनी सात जन्मों का रिश्ता

Bihar News: मुंगेर में फेसबुक से शुरू हुई दोस्ती ने आखिरकार शादी का रूप ले लिया. 9 साल के रिश्ते के बाद फिलीपींस की युवती भारत पहुंची और शिव मंदिर में युवक संग हिंदू रीति-रिवाज से विवाह रचाया, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है.

Bihar News: मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर से एक अनोखी प्रेम कहानी सामने आई है, जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया है. फेसबुक के जरिए शुरू हुई दोस्ती आखिरकार शादी के पवित्र बंधन में बदल गई. असरगंज के मिल्की टोला निवासी ऋषि कुमार ने फिलीपींस की युवती सारा पाउलीन क्रूज केरियेजा के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह रचाया.

फेसबुक पर हुई पहली बातचीत, बढ़ता गया प्यार

जानकारी के अनुसार, करीब 9 साल पहले ऋषि कुमार और सारा की मुलाकात फेसबुक के माध्यम से हुई थी. शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत होती थी, लेकिन धीरे-धीरे यह दोस्ती गहरी होती गई और प्यार में बदल गई. लंबे समय तक ऑनलाइन संपर्क में रहने के बाद दोनों ने साथ जीवन बिताने का फैसला कर लिया.

फिलीपींस से भारत पहुंची दुल्हन, मंदिर में रचाई शादी

अपने प्यार को मुकाम देने के लिए सारा फिलीपींस से भारत पहुंचीं. हवेली खड़गपुर स्थित ऐतिहासिक पंचबदन शिव मंदिर में दोनों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शादी की. मंदिर के पुजारी ने पूरे विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया और पंचमुखी भगवान को साक्षी मानकर दोनों को पति-पत्नी के रूप में स्वीकार कराया गया.

शादी देखने उमड़ी लोगों की भीड़

इस अनोखी शादी को देखने के लिए मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में लोग जुट गए. विदेशी युवती और स्थानीय युवक की शादी इलाके में चर्चा का विषय बन गई. हर कोई इस अनोखे मिलन को देखने और आशीर्वाद देने के लिए उत्साहित नजर आया.

प्रेरणा से चुना मंदिर, खास बनी शादी

दूल्हे ऋषि कुमार ने बताया कि उनके एक मित्र ने भी इसी मंदिर में शादी की थी, जिससे प्रेरित होकर उन्होंने भी यहीं विवाह करने का निर्णय लिया. उन्होंने कहा कि यह उनके जीवन का सबसे खास दिन है.

इलाके में चर्चा का विषय बनी प्रेम कहानी

यह अनोखी प्रेम कहानी अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. लोगों का कहना है कि यह कहानी साबित करती है कि सच्चा प्यार सीमाओं और दूरियों से परे होता है.

Also Read: सीएम सम्राट की चेतावनी के बाद बिहार में बुलडोजर एक्शन शुरू, आरा में 146 लोगों को नोटिस

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >