तारापुर. बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकारण द्वारा प्रशिक्षित आपदा मित्र-सखी को राज्यकर्मी का दर्जा देने और उचित मानदेय प्रदान करने को लेकर बिहार के सभी जिलों से आपदा मित्र-सखी तारापुर पहुंचे थे. मुंगेर के राजकुमार व बांका जिलाध्यक्ष हिमांशु कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने सीएम से मिलकर मांग पत्र सौंपा और अपनी मांगों पर ध्यान आकृष्ट कराया. आपदा मित्रों ने अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा कि जिस वक्त सीएम साहेब उपमुख्यमंत्री थे तो बांका में चुनाव के समय आश्वासन दिया था कि आपलोगों के लिए सरकार चिंतित है, लेकिन चुनाव जीतने के बाद भी कुछ नहीं हुआ. फिर जब मुख्यमंत्री कटोरिया, बांका आए थे, तो वहां सात निश्चय योजना के तहत समृद्धि यात्रा में भी आपदा मित्र की चर्चा करते हुए कहा था कि सबका सम्मान, सबका जीवन आसान. इसमें हमसभी का नाम जोड़ा गया. आपदा मित्रों ने मांग की कि सभी प्रखंड मुख्यालयों में आपदा प्रबंधन केंद्र व अग्निशमन केंद्र की स्थापना हो. प्रशिक्षित आपदा मित्रों को प्रखंड और पंचायत स्तर पर प्रतिनियुक्त किया जाये और उन्हें स्थाई करते हुए उचित मानदेय दिया जाये. जिस तरह हमें प्रशिक्षण देकर बहाल किया गया है, उसी तरह हमें काम पर लगाया जाये. आज स्थिति यह है कि कई आपदा मित्र दूसरे राज्यों में पलायन कर रहे हैं. दुर्भाग्य की बात यह है कि हम बेरोजगार हैं, इसलिए कोई हमसे शादी तक नहीं करना चाहता. इस पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि हमारी पॉलिसी बन रही है और जल्द ही कुछ होगा. मौके पर बांका के निरंजन कुमार, वैशाली के राहुल सिंह, गौतम कुमार, खगडिया के रीशि कुमार, कटिहार की नंदनी कुमारी, मधुबनी के ललन बिहारी, भागलपुर के अंकित कुमार, छपरा के गौतम कुमार सहित दर्जनों आपदा मित्र व सखी उपस्थित थे. ——————————— सीएम को जगह-जगह रोककर तारापुरवासियों ने किया स्वागत तारापुर. तारापुर पहली बार पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से जिन लोगों ने मुलाकात नहीं कर पाये, वैसे लोग जगह-जगह उन्हें रोक कर स्वागत व अभिनंदन किया. तारापुर अनुमंडल कार्यालय के सामने अफजल होदा व पप्पू खान के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं और लोगों ने सीएम के वाहन को रोक दिया और सीएम ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया. अचानक सीएम के वाहन रुकते ही सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें सुरक्षा घेरा में ले लिया. वहीं छोटे-छोटे बच्चों ने भी गुलाब का फुल व गुलदस्ता दिया. इसके बाद तारापुर के सीमा क्षेत्र तिलडीहा मंदिर गये. जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की. वहां से माहपुर जाने के क्रम में तारापुर के भोला रेस्ट हाउस के सामने सैकड़ों लोग जो अपने हाथों में माला लिये उनका अभिनंदन के लिए खड़े थे, वहां भी रूक कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और लोगों ने उन्हें फूलों का माला पहनाकर स्वागत किया. इसके बाद उनका काफिला तारापुर के मार्केट कॉम्प्लेक्स सह सम्राट चौधरी के विधायक कार्यालय के समीप रूका. जहां कार्यालय कर्मी रोहित चौधरी व व्यवसायी लडडू सिंह, राजीव कुमार, सुभाष कुमार, देवनंदन पासवान, भाजपा नगर अध्यक्ष पिंटु साह, रोमित कुमार, प्रवीण सिंह, शंभु चौधरी, बब्लू चौधरी, समाजसेवी योगी मंडल सहित सैकड़ों भाजपाइयों ने स्वागत किया.
आपदा मित्र-सखी ने सीएम को सौंपा ज्ञापन, सीएम ने दिया सकारात्मक आश्वासन
बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकारण द्वारा प्रशिक्षित आपदा मित्र-सखी को राज्यकर्मी का दर्जा देने और उचित मानदेय प्रदान करने को लेकर बिहार के सभी जिलों से आपदा मित्र-सखी तारापुर पहुंचे थे.
