सिजेरियन प्रसव को लेकर ओटी असिस्टेंट व आशा ने लिया 15 हजार, प्रसूता ने डीएस को दिया आवेदन

सदर अस्पताल में आये दिन मरीजों को बहला-फुसलाकर निजी अस्पताल में दलालों द्वारा ले जाने के मामले सामने आते हैं, जबकि कई बार खुद अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मी और आशा द्वारा भी मरीजों से इलाज के नाम पर पैसे लिये जाने का मामला सामने आता है.

सदर अस्पताल में आये दिन प्रसूता के परिजन से अवैध वसूली के सामने आ रहे मामले

मुंगेर. सदर अस्पताल में आये दिन मरीजों को बहला-फुसलाकर निजी अस्पताल में दलालों द्वारा ले जाने के मामले सामने आते हैं, जबकि कई बार खुद अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मी और आशा द्वारा भी मरीजों से इलाज के नाम पर पैसे लिये जाने का मामला सामने आता है. हालांकि, इसे लेकर अस्पताल प्रबंधन द्वारा बार-बार कार्रवाई करने की बात कही जाती है, लेकिन अधिकांश मामलों में केवल स्पष्टीकरण तक मामला सिमट कर रह जाता है. एक बार फिर एक प्रसूता द्वारा अस्पताल अधीक्षक को आवेदन देकर सिजेरियन प्रसव के नाम पर ओटी असिस्टेंट व आशा पर 15 हजार रुपये लिये जाने का आरोप लगाया गया है.

प्रसूता हजरतगंज निवासी मो कलीम की पत्नी सोनी प्रवीन ने कहा है कि वह 3 दिसंबर 2025 को रात 2 बजे सदर अस्पताल के प्रसव केंद्र पहुंची. जहां उसे भर्ती कर लिया गया, जबकि इसी दिन पूर्वाह्न 1.30 बजे उसे ऑपरेशन से बेटा हुआ. इसके बाद वहां उपस्थित स्वास्थ्य कर्मी मनीष कुमार व आशा शीला देवी द्वारा उसके परिजनों से सिजेरियन प्रसव के नाम पर 15 हजार रुपये लिया गया. उसने बताया कि जिस समय उसे ऑपरेशन कक्ष में ले जाया गया था. उस समय भी स्वास्थ्यकर्मी मनीष कुमार व आशा द्वारा उसके परिजनों से जांच के नाम पर 4500 रुपये लिया गया था.

स्वास्थ्यकर्मी मनीष पर पूर्व में भी लग चुके हैं आरोप

जिस स्वास्थ्य कर्मी मनीष कुमार पर प्रसूता द्वारा आशा के साथ मिलकर पैसे लिये जाने का आरोप लगाया गया है. वह प्रसव केंद्र में ओटी असिस्टेंट के पद पर है. उस पर पूर्व में भी कई बार प्रसव केंद्र में प्रसूताओं के परिजनों से पैसे लिये जाने का आरोप लग चुका है, जबकि कई बार इन मामलों में प्रसूता व उनके परिजनों की शिकायत पर संबंधित स्वास्थ्यकर्मी से स्पष्टीकरण भी पूछा गया है. हालांकि, आवेदन मिलने के बाद ओटी असिस्टेंट मनीष कुमार को एमसीएच ओटी से हटाकर सामान्य ओटी में ड्यूटी के लिये तैनात किया गया है.

कहते हैं सिविल सर्जन

सिविल सर्जन डॉ राजू ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही तत्काल संबंधित स्वास्थ्यकर्मी के ड्यूटी स्थल को परिवर्तित कर दिया गया है, जबकि प्रसव केंद्र के अंदर आशा के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्देश अस्पताल उपाधीक्षक को दिया जायेगा. साथ ही इसके लिये प्रसव केंद्र में सूचना भी लगाया जायेगा, ताकि इस प्रकार का मामला न हो.

————————————————

प्रसव केंद्र में आशा के प्रवेश पर नहीं लग रहा रोक

मुंगेर. सदर अस्पताल के प्रसव केंद्र में आये दिन आशाओं के दखल और प्रसूता व उनके परिजनों से राशि लिये जाने की शिकायत को लेकर पूर्व सिविल सर्जन डॉ विनोद कुमार के समय ही प्रसव केंद्र में आशा के प्रवेश पर रोक लगा दिया गया था. इसमें उस समय ही निर्देश दिया गया था कि आशा केवल अपने साथ आयी गर्भवती को भर्ती कराने के लिये ही प्रसव केंद्र के अंदर जायेगी. इसके बाद आशा के प्रसव केंद्र में प्रवेश पर रोक रहेगी, बावजूद अबतक न तो प्रसव केंद्र में आशा के प्रवेश पर रोक लग पायी है और न ही प्रसव केंद्र में प्रसूताओं से प्रसव के नाम पर पैसे लिये जाने के मामले पर रोक लग पायी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AMIT JHA

AMIT JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >