अब बारिश-आंधी में भी नहीं गुल होगी बिजली, पावर सब स्टेशनों को मिलेगा वैकल्पिक 33 केबी लाइन का सहारा

आंधी व बरसात के कारण घंटों बिजली गुल रहने की समस्या से जूझ रहे मुंगेर शहर व ग्रामवासियों के लिए राहत भरी खबर है.

लाल दरवाजा, कर्णचौड़ा, शंकरपुर, नंदलालपुर और बिंदवारा पावर सब स्टेशन को मिलेगा वैकल्पिक लाइन

मुंगेर. आंधी व बरसात के कारण घंटों बिजली गुल रहने की समस्या से जूझ रहे मुंगेर शहर व ग्रामवासियों के लिए राहत भरी खबर है. अब हाइटेंशन तार पर पेड़ गिरने या तकनीकी फाॅल्ट होने के बावजूद शहर की बिजली आपूर्ति लंबे समय तक बाधित नहीं रहेगी. विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल मुंगेर ने सफियाबाद विद्युत ग्रिड से जुड़े शहरी क्षेत्र के चार प्रमुख पावर सब स्टेशनों को वैकल्पिक 33 केबी लाइन से जोड़ने की कवायद तेज कर दी है.

चार फीडरों को मिलेगा बैकअप

सफियाबाद ग्रिड से वर्तमान में लाल दरवाजा, कर्णचौड़ा, शंकरपुर, नंदलालपुर और बिंदवारा पावर सब स्टेशन जुड़े हुए हैं. इनमें से चार फीडरों को नई वैकल्पिक लाइन से जोड़ा जा रहा है. अभी तक इन क्षेत्रों में एक ही 33 केबी लाइन से बिजली आपूर्ति होती है. ऐसे में लाइन में फाॅल्ट आते ही पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है. क्योंकि फाॅल्ट ढूढ़ने में घंटों मशक्कत करनी पड़ती है. नई व्यवस्था लागू होने के बाद सभी चार फीडरों को बैकअप मिल जायेगा. पुराने लाइन में किसी तरह की खराबी आने पर तुरंत वैकल्पिक लाइन से बिजली आपूर्ति शुरू कर दी जायेगी. विभाग इस लाइन में हेवी एसीएसआर उल्फ कंडक्टर वायर का उपयोग कर रहा है, जिससे तकनीकी फाॅल्ट की संभावना भी कम होगी.

42 लाख की लागत से चल रहा काम

करीब 42 लाख रुपये की लागत से नई वैकल्पिक लाइन का काम चल रहा है. इसके तहत सफियासराय से लालदरवाजा पावर सब स्टेशन तक 33 केबीए लाइन बिछाया जा रहा है. इसके बाद यहां से तीन अन्य पीएसएस तक लाइन ले जाना है. इस योजना के पूरा होने के बाद फाॅल्ट की स्थिति में महज पांच मिनट के भीतर वैकल्पिक लाइन के जरिये बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जायेगी. विभाग का लक्ष्य बरसात शुरू होने से पहले इस कार्य को पूरा कर लेना है, ताकि माॅनसून के दौरान उपभोक्ताओं को बिजली संकट का सामना न करना पड़े.

एनएच किनारे से गुजरेगी नई लाइन

वर्तमान में

सफियाबाद से आने वाली 33 केबी लाइन गंगा किनारे, टाल, खेत से होकर गुजरती है. बारिश या तेज हवा के दौरान इन इलाकों में फाॅल्ट ढूंढने में काफी समय लग जाता है, इससे घंटों बिजली बाधित रहती है. नई वैकल्पिक लाइन राष्ट्रीय उच्च पथ (एनएच) के किनारे से लाई जा रही है. इससे किसी भी खराबी का पता लगाना आसान होगा और मरम्मत कार्य तेजी से किया जा सकेगा. विभाग का मानना है कि इससे शहरी उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी.

दो स्थानों पर रहेगा मेन स्विच

नई व्यवस्था के तहत नंदलालपुर और लाल दरवाजा फीडर में मेन स्विच लगाये जायेंगे. नंदलालपुर फीडर से शंकरपुर फीडर को जबकि लाल दरवाजा फीडर से कर्णचौड़ा फीडर को जोड़ा जायेगा. फाॅल्ट की स्थिति में सिर्फ चेंज ओवर कर पांच मिनट के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जायेगी. इसके साथ ही विद्युत विभाग सीताकुंड फीडर का क्षेत्र छोटा करने की योजना पर भी काम कर रहा है, ताकि ओवरलोड की समस्या कम हो सके.

कहते हैं सहायक अभियंता

विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल मुंगेर के सहायक अभियंता संतोष कुमार ने बताया कि सफियाबाद ग्रिड से जुड़े चारों 33 केबी फीडरों को वैकल्पिक लाइन से जोड़ने का कार्य तेजी से चल रहा है. बरसात शुरू होने से पहले काम पूरा कर लिया जायेगा, ताकि किसी भी फाॅल्ट की स्थिति में तुरंत वैकल्पिक लाइन से बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RANA GAURI SHAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >