Munger University : मुंगेर विश्वविद्यालय प्रशासन ने सत्र 2025-29 की स्नातक सेमेस्टर-2 परीक्षा को लेकर आंशिक संशोधित केंद्र सूची जारी की है. विश्वविद्यालय ने बताया कि दो कॉलेजों के परीक्षा केंद्र बदले गए हैं, जबकि अन्य सभी कॉलेजों के परीक्षा केंद्र पहले की तरह ही रहेंगे.
इन कॉलेजों के बदले परीक्षा केंद्र
विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार महिला कॉलेज, बड़हिया की परीक्षा अब एसएस कॉलेज, महुस के स्थान पर आरलाल कॉलेज, लखीसराय में आयोजित होगी.
वहीं गंगा देवी मेमोरियल कॉलेज, सुदामपुर (जमुई) के विद्यार्थियों की परीक्षा अब केकेएम कॉलेज, जमुई के बजाय सरस्वती अर्जुन एकलव्य डिग्री कॉलेज, जमुई में होगी.
अन्य सभी परीक्षा केंद्र यथावत
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि उपरोक्त दो कॉलेजों को छोड़कर अन्य सभी कॉलेजों के परीक्षा केंद्रों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. सभी परीक्षाएं पूर्व निर्धारित केंद्रों पर ही आयोजित होंगी.
29 जुलाई से 7 अगस्त तक होगी परीक्षा
मुंगेर विश्वविद्यालय की स्नातक सेमेस्टर-2 की परीक्षा 29 जुलाई से 7 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी. इसके लिए विश्वविद्यालय ने 24 परीक्षा केंद्र बनाए हैं और परीक्षा की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं.
जल्द जारी होंगे एडमिट कार्ड
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जल्द जारी किए जाएंगे. एडमिट कार्ड जारी होने की सूचना विश्वविद्यालय की ओर से अलग से प्रकाशित की जाएगी. छात्रों को सलाह दी गई है कि वे विश्वविद्यालय की आधिकारिक सूचनाओं पर नियमित नजर बनाए रखें.
