Munger Mandi Bhav Today: मुंगेर मंडी में शुक्रवार को खाद्यान्न, दलहन और तिलहन के बाजार में सामान्य स्थिति देखने को मिली, लेकिन गेहूं की बढ़ती आवक और मांग के कारण कीमतों में हल्का उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया. कारोबारियों के अनुसार मंडी में ग्रामीण क्षेत्रों से लगातार गेहूं पहुंच रहा है, जिसके कारण गुणवत्ता और मांग के हिसाब से दाम बदल रहे हैं. मंडी में अलग-अलग जिंसों के रेट 50 से 200 रुपये प्रति क्विंटल तक ऊपर-नीचे होते रहे.
गेहूं के दाम में क्वालिटी का असर
व्यापारियों ने बताया कि सरकार द्वारा गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी 2585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है, लेकिन खुले बाजार में अच्छी क्वालिटी के गेहूं की कीमत 2700 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच रही है. वहीं सामान्य गुणवत्ता वाले गेहूं का रेट 2400 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास बना हुआ है.
मक्का का भाव भी स्थिर रहा और यह 2060 से 2100 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिकता रहा. कारोबारियों का कहना है कि फिलहाल बाजार में अनाज की आवक सामान्य है, इसलिए कीमतों में बड़ा बदलाव नहीं देखा जा रहा.
चावल और दालों के बाजार में स्थिरता
मुंगेर मंडी में चावल के बाजार में भी स्थिरता बनी हुई है. मंसूरी चावल 3200 से 3400 रुपये प्रति क्विंटल, अरवा चावल 3050 से 3200 रुपये और बासमती चावल 12500 से 13000 रुपये प्रति क्विंटल तक बिक रहा है.
दलहन बाजार में मसूर दाल 7500 से 8000 रुपये प्रति क्विंटल, मूंग दाल 11000 से 12000 रुपये और अरहर दाल 9000 से 12000 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गयी है. कारोबारियों का कहना है कि दालों की मांग लगातार बनी हुई है, जिसके कारण इनके दाम मजबूत बने हुए हैं.
आवक और मांग से तय हो रहा बाजार का मूड
व्यापारियों के अनुसार मंडी का पूरा रुझान फिलहाल आवक और मांग पर निर्भर है. जैसे-जैसे ग्रामीण क्षेत्रों से नई फसल मंडी पहुंच रही है, उसी हिसाब से रेट तय हो रहे हैं. बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में मौसम और परिवहन लागत का असर भी मंडी भाव पर देखने को मिल सकता है.
