मुंगेर जेल में बंद मनीष की मौत पर उठे सवाल, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Munger Jail Death: कड़ी सुरक्षा के बीच बंदी छत पर कैसे पहुंचा, परिजनों ने जेल प्रशासन की लापरवाही बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग उठाई

हवेली खड़गपुर (मुंगेर ) से रतन झा की रिपोर्ट

Munger Jail Death : मुंगेर मंडल कारा में बंद विचाराधीन बंदी मनीष कुमार की छत से गिरने के बाद हुई मौत को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है. हवेली खड़गपुर प्रखंड के मधुबन दरियापुर निवासी मनीष कुमार के परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है. परिजनों ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है.

परिजनों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

मृतक के भाई तुलसी कुमार ने आरोप लगाया कि जेल प्रशासन की लापरवाही के कारण उनके भाई की जान गई. उन्होंने कहा कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच किसी बंदी का जेल की छत तक पहुंच जाना अपने आप में गंभीर सवाल खड़े करता है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना की आधिकारिक सूचना परिवार को जेल प्रशासन की ओर से नहीं दी गई. सुबह करीब 10:40 बजे तक उन्हें कोई जानकारी नहीं मिली और मीडिया के माध्यम से घटना का पता चला.

महत्वपूर्ण जानकारी देने वाला था मनीष

मृतल की भाभी वंदना कुमारी

मृतक की भाभी वंदना कुमारी ने बताया कि दो-तीन दिन पहले मनीष का जेल से फोन आया था. उसने परिवार को मुलाकात के लिए बुलाते हुए कहा था कि वह अपने भाई की हत्या से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण तथ्य बताना चाहता है. परिवार ने 8 जुलाई को उससे मिलने और जमानत की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही थी. परिजनों का आरोप है कि उससे पहले ही उसकी हत्या कर दी गई.

निष्पक्ष जांच की मांग

Munger Jail Death : रोशन कुमार ने भी आरोप लगाया कि यदि 8 जुलाई को मुलाकात होती तो मनीष कई अहम जानकारियां साझा करता. उन्होंने कहा कि जेल प्रशासन की लापरवाही के कारण यह घटना हुई है और पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए.

परिवार में मातम, पुलिस कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने बताया कि मनीष मानसिक तनाव में भी था. बीते 18 मई की रात मनीष कुमार पर अपने सगे भाई नीतीश कुमार की हथौड़े से हत्या करने का आरोप है. इस मामले में पुलिस ने 20 मई को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में मुंगेर मंडल कारा भेज दिया था. शुक्रवार सुबह जेल की छत से गिरने के बाद उसकी मौत हो गई. मामले की जांच जारी है. पुलिस और जेल प्रशासन का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ALSO READ: मंडलकारा में बंद विचाराधीन बंदी की इलाज के दौरान मौत, छत से कूदने की आशंका

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pintu Pranav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >