गंगा का बढ़ता जलस्तर बढ़ा रहा चिंता, मुंगेर के दियारा इलाकों में फैलने लगा पानी, प्रशासन अलर्ट मोड में

Munger Flood News: गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से मुंगेर में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. दियारा क्षेत्रों में पानी फैलने से किसानों की चिंता बढ़ी है. जिला प्रशासन ने राहत और बचाव की तैयारियां पूरी कर ली हैं.

Munger Flood News: सावन की शुरुआत के साथ गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. हालांकि मुंगेर में नदी अभी खतरे के निशान से नीचे बह रही है, लेकिन दियारा क्षेत्रों में पानी फैलना शुरू होने से किसानों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है. जिला प्रशासन ने संभावित बाढ़ की आशंका को देखते हुए राहत और बचाव की तैयारियां तेज कर दी हैं. राहत शिविरों से लेकर नावों की व्यवस्था तक की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके.

लगातार हो रही बारिश और ऊपरी इलाकों से बढ़ते जलप्रवाह के कारण गंगा का जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ रहा है. इसका असर सबसे पहले दियारा क्षेत्रों में दिखाई देने लगा है, जहां खेतों और निचले इलाकों में पानी फैलने लगा है. किसानों को आशंका है कि यदि जलस्तर इसी रफ्तार से बढ़ता रहा तो खड़ी फसलों को नुकसान हो सकता है.

अभी खतरे के निशान से नीचे, लेकिन प्रशासन की बढ़ी सतर्कता

मुंगेर में गंगा का चेतावनी स्तर 38.33 मीटर और खतरे का निशान 39.33 मीटर निर्धारित है. वर्तमान में जलस्तर लगभग 35 मीटर के आसपास पहुंचने की ओर बढ़ रहा है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन प्रशासन किसी तरह का जोखिम लेने के मूड में नहीं है.

अधिकारियों का मानना है कि यदि गंगा के ऊपरी कैचमेंट क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रहा तो अगले कुछ दिनों में जलस्तर में और बढ़ोतरी हो सकती है. इसी संभावना को देखते हुए लगातार निगरानी की जा रही है.

दियारा के किसानों की बढ़ी चिंता

गंगा का पानी दियारा क्षेत्र में फैलने से किसानों की चिंता बढ़ गई है. इन इलाकों में बड़ी संख्या में लोग खेती पर निर्भर हैं. पानी बढ़ने से फसल प्रभावित होने की आशंका है. ग्रामीण भी संभावित बाढ़ को लेकर सतर्क हो गए हैं और प्रशासन की ओर से जारी अपडेट पर नजर बनाए हुए हैं.

राहत शिविर, नाव और कम्युनिटी किचन की तैयारी पूरी

जिला प्रशासन ने संभावित बाढ़ से निपटने के लिए राहत एवं बचाव की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है. संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां लगातार निगरानी रखी जा रही है.

राहत शिविरों के लिए स्थान चिह्नित कर लिए गए हैं. जरूरत पड़ने पर सामुदायिक रसोई (कम्युनिटी किचन) भी संचालित की जाएगी. बाढ़ के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए नावों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है. सभी संबंधित विभागों और प्रखंड स्तर के अधिकारियों को अलर्ट मोड में रखा गया है.

Munger Flood News: लोगों से सतर्क रहने की अपील

जिला प्रशासन ने दियारा और नदी किनारे रहने वाले लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है. प्रशासन ने कहा है कि गंगा किनारे अनावश्यक आवाजाही से बचें और किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें.

प्रशासन का कहना है कि फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्कता बेहद जरूरी है. बाढ़ की स्थिति बनने पर लोगों की सुरक्षा और राहत के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पहले से तैयार रखे गए हैं.

Also Read: हाजीपुर से चिराग पासवान ने कर दिया ऐलान, यूपी की सभी 403 सीटों पर उतारेंगे उम्मीदवार

Also Read: पटना नहीं, अब राजगीर इंटरनेशनल स्टेडियम में चौके-छक्के लगाएंगे बिहार के रणजी धुरंधर, 11 अक्टूबर को पहला मुकाबला


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Birendra kumar sing

Published by: Pratyush Prashant

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >