Munger News: मुंगेर स्थित बिहार वानिकी महाविद्यालय एवं शोध संस्थान में शनिवार से राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में 15 दिवसीय स्वच्छता पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया. यह अभियान 15 अगस्त तक चलेगा और इसका उद्देश्य स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा जनजागरूकता को बढ़ावा देना है.
कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अनिल पासवान और NSS प्रभारी पदाधिकारी डॉ. उमाकांत सिंह के नेतृत्व में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह से हुई. इस दौरान वैज्ञानिकों, शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने परिसर तथा आसपास के वातावरण को स्वच्छ और हरित बनाए रखने का संकल्प लिया.
‘पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत अपने आसपास से’
अधिष्ठाता डॉ. अनिल पासवान ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत अपने आसपास के वातावरण से होती है. उन्होंने विद्यार्थियों से महाविद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने के साथ-साथ समाज में भी स्वच्छता और हरियाली का संदेश फैलाने की अपील की.
उन्होंने कहा कि स्वच्छ और हरित परिसर केवल संस्थान की पहचान नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज के निर्माण की आधारशिला भी है.
‘स्वच्छता सामूहिक जिम्मेदारी है’
NSS प्रभारी डॉ. उमाकांत सिंह ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है.
उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ कार्य वातावरण से ही बेहतर समाज और सुरक्षित भविष्य का निर्माण संभव है. विद्यार्थियों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए.
पौधरोपण से दिया हरित भारत का संदेश
कार्यक्रम के दौरान अधिष्ठाता और NSS प्रभारी ने संयुक्त रूप से पौधरोपण भी किया.
उन्होंने कहा कि स्वच्छता के साथ-साथ हरियाली बढ़ाना समय की आवश्यकता है और प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए.
Munger News: 15 अगस्त तक चलेंगे विभिन्न कार्यक्रम
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान श्रमदान, स्वच्छता जागरूकता अभियान, पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण और जनसहभागिता से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
कार्यक्रम में डॉ. कामेश मनगन्वी, किष्टो कुमार, कृतिका सुमन, धनंजय कुमार, श्री साईं पराशर दास, अर्पणा पांडेय सहित गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों और आउटसोर्स कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई.
