Jamalpur Road Protest: जमालपुर (मुंगेर). नगर परिषद क्षेत्र के फरीदपुर में प्रस्तावित पीसीसी सड़क निर्माण को लेकर स्थानीय नागरिकों ने सोमवार को विधायक नचिकेता मंडल से मुलाकात कर अपना विरोध दर्ज कराया. प्रतिनिधिमंडल ने सड़क निर्माण पर तत्काल रोक लगाने और पिच सड़क के निर्माण के लिए नया एस्टीमेट तैयार कराने की मांग की.
वार्ड पार्षद के नेतृत्व में सौंपा गया मांग पत्र
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व वार्ड पार्षद चंदन कुमार ने किया. उनके साथ विजय कुमार मंडल, विष्णु देव मंडल, शैलेंद्र कुमार और उत्तम मंडल भी मौजूद थे. प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को बताया कि फरीदपुर की मुख्य सड़क जमालपुर शहर को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां भारी वाहनों का लगातार आवागमन होता है.
पीसीसी के बजाय पिच सड़क बनाने की मांग
स्थानीय लोगों ने कहा कि इस मार्ग पर पीसीसी सड़क का निर्माण व्यावहारिक नहीं है. उनका दावा है कि भारी वाहनों के दबाव के कारण पीसीसी सड़क जल्द क्षतिग्रस्त हो सकती है. इसलिए वर्तमान निर्माण कार्य को रोककर नया एस्टीमेट तैयार किया जाए और पिच सड़क के लिए टेंडर निकाला जाए.
विधायक ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
विधायक नचिकेता मंडल ने नागरिकों की बात सुनने के बाद जिलाधिकारी से दूरभाष पर बातचीत की. उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मामले की समीक्षा कर सड़क निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने के संबंध में आवश्यक पहल की जायेगी.
एक करोड़ सात लाख रुपये की है योजना
Jamalpur Road Protest: जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना के तहत लगभग 1.07 करोड़ रुपये की लागत से इस सड़क का निर्माण प्रस्तावित है. पहले यह मार्ग पिच सड़क था, जिसे अब पीसीसी सड़क के रूप में विकसित किया जाना प्रस्तावित है.
