हवेली खड़गपुर से रतन झा की रिपोर्ट:
Kharagpur Haat News: हवेली खड़गपुर के नंदलाल बसु चौक स्थित साप्ताहिक हाट का जर्जर शेड दुकानदारों और ग्राहकों के लिए खतरा बनता जा रहा है. वर्षों पुरानी संरचना टूटने की कगार पर है, लेकिन इसके बावजूद सैकड़ों लोग यहां खरीदारी और व्यापार करने पहुंच रहे हैं. स्थानीय लोगों ने बाजार के पुनर्निर्माण और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई है.
हवेली खड़गपुर नगर परिषद क्षेत्र के नंदलाल बसु चौक के समीप स्थित साप्ताहिक हाट परिसर की स्थिति दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है. बरसों पहले बनाए गए शेड अब जर्जर होकर टूटने लगे हैं. कई शेड पूरी तरह ध्वस्त हो चुके हैं, जबकि कई अन्य किसी भी समय गिर सकते हैं. इसके बावजूद फुटकर दुकानदार अपनी जान जोखिम में डालकर यहां कारोबार करने को मजबूर हैं.
सप्ताह में दो दिन जुटती है भारी भीड़
हाट परिसर में प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को बाजार लगता है. अनुमंडल क्षेत्र के दर्जनों गांवों से लोग यहां सब्जी, अनाज, फल और घरेलू सामान की खरीदारी के लिए पहुंचते हैं. बाजार के दिनों में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटती है, लेकिन सुरक्षा और सुविधाओं की स्थिति बेहद खराब है.
मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव
हाट परिसर में न तो पेयजल की समुचित व्यवस्था है और न ही शौचालय की सुविधा उपलब्ध है. बरसात के दिनों में परिसर कीचड़ से भर जाता है, जबकि गर्मी में धूल लोगों की परेशानी बढ़ा देती है. छत से टपकता पानी और जर्जर ढांचा दुकानदारों व ग्राहकों के लिए लगातार खतरा बना हुआ है.
सड़क पर अतिक्रमण और जाम की समस्या
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि हाट परिसर को व्यवस्थित कर दिया जाए तो सड़क किनारे लगने वाली दुकानों और अतिक्रमण की समस्या काफी हद तक समाप्त हो सकती है. वर्तमान में जगह की कमी के कारण कई दुकानदार सड़क पर दुकान लगाने को मजबूर हैं, जिससे अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है.
क्या कहते हैं दुकानदार
स्थानीय दुकानदार राजेश, संदीप सहित कई लोगों ने बताया कि पुराने शेड को हटाकर नए सिरे से आधुनिक बाजार का निर्माण कराया जाना चाहिए. उनका कहना है कि व्यवस्थित मार्केट बनने से व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और सड़क पर लगने वाले अतिक्रमण से भी मुक्ति मिलेगी. दुकानदारों के अनुसार यदि बाजार का विकास किया जाए तो लगभग 200 से अधिक युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित हो सकते हैं.
क्या बोले कार्यपालक पदाधिकारी
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विशाल मोहन ने बताया कि हाट नगर क्षेत्र में अवस्थित है, लेकिन इसकी देखरेख की जिम्मेदारी जिला परिषद के पास है. उन्होंने कहा कि हाट परिसर में पर्याप्त जगह उपलब्ध है और यहां दुकानों का निर्माण कर फुटकर दुकानदारों को व्यवस्थित किया जा सकता है. इस संबंध में वरीय अधिकारियों एवं स्थानीय विधायक को पत्र भेजा गया है. यदि हाट परिसर का प्रबंधन नगर परिषद को मिलता है तो इसका पुनर्निर्माण कर इसे सुव्यवस्थित बनाया जाएगा.
