हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा तारापुर का कांवरिया पथ, श्रद्धालुओं ने बतायीं सुविधाओं की कमियां

तारापुर के कच्चे कांवरिया पथ पर श्रावणी मेले के दौरान आस्था का अद्भुत नजारा दिखा, लेकिन श्रद्धालुओं ने सरकारी व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने बेहतर शौचालय और धर्मशाला की मांग की है.

Tarapur Kanwariya Path: सुबह की पहली किरण के साथ ही कच्चा कांवरिया पथ बोल-बम और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा. लाल, पीले और केसरिया वस्त्रों में सजे कांवरियों की भीड़ जैसे-जैसे आगे बढ़ती गयी, पूरा रास्ता शिवमय होता गया. कंधे पर कांवर और उसमें गंगाजल लिये श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ के दरबार की ओर लगातार बढ़ते रहे.

विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले के तीसरे शुक्रवार को तारापुर के कच्चे कांवरिया पथ पर आस्था का ऐसा ही अद्भुत नजारा देखने को मिला. रास्ते में कहीं कांवरियों की टोली भजन गाती दिखी तो कहीं श्रद्धालु हाथ उठाकर बोल-बम का जयघोष करते नजर आये.

सुबह से ही कांवरियों की कतार

कांवरियों का जत्था सुबह से ही पथ पर निकल पड़ा था. दूर-दराज से आये श्रद्धालु अपने साथियों के साथ कांवर लेकर बाबा धाम की ओर बढ़ रहे थे. कंधों पर गंगाजल और मन में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन की आस लिये कांवरियों के कदम लगातार आगे बढ़ते रहे.

भीड़ के बावजूद श्रद्धालुओं में उत्साह कम नहीं दिखा. थकान के बीच बोल-बम का जयघोष उन्हें आगे बढ़ने की ऊर्जा देता रहा.

संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की तैनाती

कांवरियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मुख्य स्थानों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. थानाध्यक्ष ने स्वयं मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.

पुलिस ने कांवरियों से अपने सामान की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की. थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस टीम लगातार क्षेत्र में मुस्तैद है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो और मेले के दौरान किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके.

कांवरियों ने व्यवस्था को बताया बेहतर

कच्चे कांवरिया पथ पर पटना साहेब से आये राजी सिंह और संजू देवी एक निजी दुकान पर आराम करते मिले. उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार सरकार की व्यवस्था बेहतर नजर आ रही है.

उन्होंने कहा कि निजी स्तर पर दुकानदारों की ओर से भी कांवरियों के लिए कई तरह की सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं. इससे यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को राहत मिल रही है.

मुफ्त शौचालय के बोर्ड, फिर भी वसूली का आरोप

श्रद्धालुओं ने व्यवस्था से जुड़ी कुछ परेशानियां भी सामने रखीं. उनका कहना था कि सरकार की ओर से जगह-जगह शौचालय बनाये गये हैं और वहां निशुल्क सेवा का बोर्ड भी लगाया गया है. इसके बावजूद कुछ स्थानों पर शौचालय संचालकों द्वारा कांवरियों से राशि लिये जाने की शिकायत है.

कांवरियों का कहना है कि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं. ऐसे में सार्वजनिक सुविधाओं का वास्तविक लाभ उन्हें बिना अतिरिक्त शुल्क मिलना चाहिए. प्रशासन को ऐसी शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए.

तीन किलोमीटर पर धर्मशाला की मांग

कांवरियों ने आराम करने के लिए स्थायी सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया. श्रद्धालुओं के अनुसार असरगंज से तारापुर के बीच फिलहाल गोगाचक में एक कांवरिया धर्मशाला है.

कांवरियों का कहना है कि यात्रा के दौरान लंबी दूरी तय करनी पड़ती है. ऐसे में रास्ते में पर्याप्त संख्या में विश्राम स्थल हों तो बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चों के साथ यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा मिलेगी.

Tarapur Kanwariya Path: टेंट सिटी से आगे स्थायी व्यवस्था की जरूरत

श्रद्धालुओं ने कहा कि सरकार हर साल श्रावणी मेले के दौरान टेंट सिटी बनाती है. इससे मेले के समय राहत जरूर मिलती है, लेकिन यह व्यवस्था अस्थायी होती है.

कांवरियों का कहना है कि बाबा धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही केवल कुछ दिनों तक सीमित नहीं रहती. पूरे साल कांवरिया यात्रा करते हैं. ऐसे में यदि लगभग तीन-तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थायी धर्मशाला बनायी जाये तो यात्रियों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सकता है.

श्रद्धालुओं की मांग है कि प्रशासन श्रावणी मेले की मौजूदा व्यवस्थाओं के साथ-साथ स्थायी सुविधाओं के विस्तार पर भी ध्यान दे, ताकि आने वाले वर्षों में कांवरिया पथ पर आस्था के साथ सुविधाओं का भी बेहतर अनुभव मिल सके.

तारापुर कच्ची कांवरिया पथ पर देवघर जाते समय हाथ उठाकर 'बोल बम' का जयघोष करते एक कांवरिया दंपति. | Prabhat Khabar Network

Also Read: दिल्ली में निर्मला सीतारमण और एस जयशंकर के साथ सम्राट चौधरी की हाईलेवल मीटिंग, नेपाल डैम से बिहार के फंड तक, जानिए क्या है पूरा एजेंडा

Also Read: ज्योति सिंह ने पवन सिंह के लिए इंस्टा पर लगाई स्टोरी, लिखा- प्रिय पतिदेव, इस बार तुम्हारी कहानी नहीं बनना चाहती


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय वर्मा

संजय वर्मा प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. तारापुर (भागलपुर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >