कनकनी : ठंड से नहीं मिल रही निजात, ठिठुर रही जिंदगी

सार्वजनिक स्थानों पर अलाव के अभाव में लोग ठिठुरने को विवश

चार दिनों तक सुधार की उम्मीद नहीं, घने कोहरे व शीतलहर से जारी रहेगी परेशानी

मुंगेर. दिन में खिली धूप के बावजूद आम जनों को ठंड से निजात नहीं मिल रही है. कंपकपाती ठंड से जहां आम जन व गरीबों के लिए सोना भी दुश्वार हो गया है. वहीं ब्लोअर व हीटर की गर्माहट में सोये प्रशासन की आंखें ही नहीं खुल रही है. इसके कारण अबतक शहर में समुचित अलाव की व्यवस्था नहीं हो पायी है. शहर में बनाये गये रैन बसेरे के बजाय गरीब खुले में रात गुजार रहे. शहर के चौक-चौराहों, बस स्टैंड, टैक्सी स्टैंड, सरकारी अस्पताल, रेलवे स्टेशन, लेबर चौक समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अलाव के अभाव में लोग ठिठुरने को विवश हैं. मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, ठंड से अभी निजात मिलने वाली नहीं है.

ठंड से नहीं मिल रही निजात

पिछले 10 दिनों से जिले में ठंड की स्थिति में तनिक भी बदलाव नहीं हो रहा है. धूप खिलने के बावजूद तापमान पर कोई असर नहीं पड़ रहा है. इसके कारण आम जनों को दिन में भी स्वेटर, जायकेट, कोट, ब्लेजर, मफलर, टोपी, शॉल व चादर के साथ ही घर से निकलना पड़ता है. शाम के चार बजते ही तापमान काफी तेजी से लुढ़कने लगता है. गुरुवार को दिन में अधिकतम तापमान जहां 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं रात में तापमान लुढ़क कर 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. इसके कारण शाम होते ही लोग ठंड से बचने के जुगत में लग गये.

ठिठुरते हुए बितानी पड़ रही रात

सम्पन्न लोग तो ठंड से बचने के लिए तरह-तरह के जुगाड़ कर लेते हैं. कोई अपने कमरे में ब्लोअर, तो कोई अपने घरों में हीटर लगा कर कमरे को गर्म कर लेते हैं, ताकि रात में उन्हें अच्छी नींद आ सके. वहीं गरीब तबके के लोगों को तो ठिठुरते हुए रात बितानी पड़ रही है. दैनिक मजदूर, आम राहगीर सहित अन्य लोग इस कनकनी वाली ठंड में अलाव के अभाव में ठिठुरन के बीच रात बिताने को मजबूर हो रहे. प्राय: यह देखा जाता था कि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री पहुंचते ही शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर प्रशासनिक स्तर पर तथा कुछ निजी संस्थाओं की ओर से अलाव की व्यवस्था कर दी जाती थी, पर इस बार अबतक शहर में एक भी जगह अलाव की व्यवस्था नहीं की गयी है. शहर के चौक-चौराहों, बस स्टैंड, टैक्सी स्टैंड, सरकारी अस्पताल, रेलवे स्टेशन, लेबर चौक समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अलाव के अभाव में लोग ठिठुरने को विवश हैं.

नववर्ष के उत्साह के बीच सड़कों पर दिखी विरानी

नववर्ष पर पूरा माहौल उत्साहित रहा. इसके विपरीत मुंगेर बाजार की सड़कों पर विरानी छायी रही. नववर्ष के पहले दिन धूप तो जरूर निकली, लेकिन वह बेजान रही. इसके कारण कनकनी वाली ठंड जारी रही. शाम होते ही ठंड में इजाफे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया. बाजार में अधिकांश दुकानें बंद रहीं, जबकि लोगों का आवागमन भी अन्य दिनों की अपेक्षा काफी कम रहा. अधिकतर लोग घरों में ही दुबके रहे. चौक-चौराहों पर सन्नाटा पसरा रहा, जबकि सड़कों पर विरानी छायी रही.

चार दिनों तक ठंड से नहीं मिलेगी राहत

ठंड के कारण आम लोगों की दिनचर्या बदल गयी है. साल के पहले दिन न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस, जबकि अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा. इसके कारण हाड़ कंपा देने वाली ठंड से आम जनजीवन बुरी तरह से अस्त व्यस्त रहा. मौसम विभाग की मानें, तो अगले चार दिनों तक इस कड़ाके की ठंड से लोगों को राहत मिलने के आसार नहीं हैं. कोहरा व शीतलहर का दौर जारी रहेगा. दो जनवरी को बादल छाये रहने की संभावना है. तीन और चार जनवरी को सूर्य का दर्शन तो होगा, लेकिन ठंड का सितम जारी रहेगा. वहीं पांच जनवरी को न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस पर पहुंच जायेगा.

चार दिनों के मौसम का हॉल

तिथि अधिकतम न्यूनतम

2 जनवरी 18 डिग्री सेल्सियस 9 डिग्री सेल्सियस

3 जनवरी 18 डिग्री सेल्सियस 10 डिग्री सेल्सियस

4 जनवरी 19 डिग्री सेल्सियस 9 डिग्री सेल्सियस

5 जनवरी 19 डिग्री सेल्सियस 7 डिग्री सेल्सियस

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By BIRENDRA KUMAR SING

BIRENDRA KUMAR SING is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >