सदर बाजार में निकली आस्था की भव्य कलश यात्रा, खाटू श्याम, मां काली और हनुमान प्रतिमा स्थापना से पहले भक्तिमय हुआ जमालपुर

Jamalpur Kalash Shobha Yatra: सदर बाजार फाड़ी स्थित श्री क्षेत्रपालेश्वर शिव मंदिर में प्रतिमा स्थापना के उपलक्ष्य में एक भव्य कलश शोभायात्रा का आयोजन किया गया. यह यात्रा शहर में भ्रमण कर पुन: मंदिर परिसर में संपन्न हुई, जिसमें भक्तों का उत्साह देखने लायक था.

Jamalpur Kalash Shobha Yatra: जमालपुर: सावन माह की धार्मिक बेला में जमालपुर शहर रविवार को पूरी तरह भक्ति और आस्था के रंग में रंग गया. सदर बाजार फाड़ी स्थित प्राचीन श्री क्षेत्रपालेश्वर शिव मंदिर में संगमरमर से निर्मित भगवान खाटू श्याम, मां काली और हनुमान जी की प्रतिमा स्थापना से पहले भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई. शहर की सड़कों पर जय श्रीराम, जय बजरंगबली और खाटू श्याम के जयकारे गूंजते रहे. धार्मिक उत्साह और श्रद्धा से सराबोर इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और श्रद्धालुओं ने भाग लिया.

सुबह मंदिर परिसर से शुरू हुई कलश यात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए दोबारा मंदिर पहुंची. लाल चुनरी ओढ़े महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर यात्रा में हिस्सा लिया. पूरा मार्ग भक्ति गीतों, शंखध्वनि और जयकारों से गूंजता रहा.

आकर्षक झांकियों ने खींचा लोगों का ध्यान

शोभायात्रा में भगवान बजरंगबली, भगवान खाटू श्याम और मां काली की सुसज्जित झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं. डीजे, बैंड-बाजा, ढोल-नगाड़ों और धार्मिक संगीत के बीच श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए. रास्ते भर लोग झांकियों के दर्शन करते रहे और कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया.

जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए सेवा शिविर

यात्रा मार्ग पर स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शरबत और मीठे पानी की व्यवस्था की गई थी. भीषण उमस के बीच इन सेवा शिविरों ने श्रद्धालुओं को राहत पहुंचाई. धार्मिक आयोजन के साथ सेवा भावना भी पूरे आयोजन की खास पहचान रही.

सुरक्षा और यातायात की रही विशेष व्यवस्था

शोभायात्रा के शांतिपूर्ण संचालन को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा. प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े. पुलिस की निगरानी में यात्रा शांतिपूर्वक संपन्न हुई.

Jamalpur Kalash Shobha Yatra सोमवार को होगी प्राण प्रतिष्ठा, शुरू होगा 24 घंटे का श्रीराम धुन महायज्ञ

मंदिर समिति के अनुसार सोमवार को विद्वान पुरोहित आकाश पांडेय वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान खाटू श्याम, मां काली और हनुमान जी की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा कराएंगे. इसके साथ ही मंदिर परिसर में 24 घंटे का श्रीराम धुन महायज्ञ भी शुरू होगा. आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में अंतिम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

इस धार्मिक अनुष्ठान के मुख्य यजमान रिंकू सिंह, रमेश शर्मा, रोहित सिन्हा, संजीत कुमार उर्फ बबलू, मनीष कुमार, सुधीर बिंद, जोगिंदर सिंह, मुरारी पटवा, मनोज विश्वकर्मा, वीरेंद्र सोनी, निशु कुमारी, रूबी देवी और अनीता शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे.

Also Read: हाजीपुर से चिराग पासवान ने कर दिया ऐलान, यूपी की सभी 403 सीटों पर उतारेंगे उम्मीदवार

Also Read: पटना नहीं, अब राजगीर इंटरनेशनल स्टेडियम में चौके-छक्के लगाएंगे बिहार के रणजी धुरंधर, 11 अक्टूबर को पहला मुकाबला


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

विजय कुमार गुप्ता 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ये सामाजिक, राजनीतिक और आपराधिक नब्ज को करीब से समझते हैं. इन्हें डिजिटल मीडिया में नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल के साथ प्रयोग करना बेहद पसंद है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >