जमालपुर रेल नगरी में गूंजा योग का संदेश, रेलवे अधिकारियों व कर्मचारियों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प

Jamalpur Railway Yoga Day 2026: ऑफिसर्स क्लब से लेकर जमालपुर स्टेशन तक गूंजा योग का संदेश, सैकड़ों रेलकर्मियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया.

मुंगेर के जमालपुर से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

Jamalpur Railway Yoga Day 2026: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रेल नगरी जमालपुर रविवार को पूरी तरह योगमय नजर आई. रेलवे के विभिन्न प्रतिष्ठानों, प्रशिक्षण केंद्रों और कार्यालय परिसरों में योग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां अधिकारियों, सुपरवाइजरों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने का संकल्प लिया. ऑफिसर्स क्लब, नेशनल इंस्टीट्यूट, बेसिक ट्रेनिंग सेंटर (बीटीसी) और जमालपुर जंक्शन स्टेशन परिसर योग दिवस के प्रमुख केंद्र बने रहे.

ऑफिसर्स क्लब में अधिकारियों ने सीखे योग के गुर

जमालपुर रेल कारखाना स्थित ऑफिसर्स क्लब में आयोजित योग कार्यक्रम का नेतृत्व उप मुख्य यांत्रिक अभियंता (निर्माण) सौरभ कुमार ने किया. इस अवसर पर योग आश्रम के स्वामी हृदयानंद सरस्वती ने अधिकारियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया.

कार्यक्रम में उप मुख्य यांत्रिक अभियंता (क्रेन) अभिनय कुमार, उप मुख्य यांत्रिक अभियंता (वेगन) प्रीतम कुमार, उप मुख्य यांत्रिक अभियंता (इलेक्ट्रिकल) केपी मिंज, उप मुख्य सामग्री प्रबंधक अभिषेक कुमार, अकाउंट्स अधिकारी सीएन चौधरी, वेलफेयर इंस्पेक्टर भानु प्रताप सहित बड़ी संख्या में रेल अधिकारियों ने भाग लिया.

नेशनल इंस्टीट्यूट में सुपरवाइजरों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

रेलवे के नेशनल इंस्टीट्यूट में आयोजित कार्यक्रम में रेल कारखाना के बड़ी संख्या में सुपरवाइजर शामिल हुए. कार्यक्रम का नेतृत्व उप मुख्य यांत्रिक अभियंता (प्रोडक्शन) डॉ. अभ्युदय ने किया. समर्थ योग प्रशिक्षक के निर्देशन में उपस्थित अधिकारियों और सुपरवाइजरों ने योगाभ्यास किया तथा नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया.

बीटीसी में 450 रेलकर्मियों ने किया योग

बेसिक ट्रेनिंग सेंटर (बीटीसी) में आयोजित योग कार्यक्रम सबसे आकर्षण का केंद्र रहा. यहां कुशल योग प्रशिक्षक किरण कुमार रवि के नेतृत्व में लगभग 450 महिला एवं पुरुष रेलकर्मियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया.

कार्यक्रम का नेतृत्व उत्पादन अभियंता राय सौमित्र विजय भूषण ने किया. इस दौरान उप प्राचार्य एपी रॉय, मुख्य अनुदेशक मोहम्मद आफताब आलम, सेफ्टी ऑफिसर नृपेश कुमार, वेलफेयर इंस्पेक्टर ब्रजमोहन कुमार, निशाकर कुमार, मोहम्मद अरमान अली सहित कई प्रशिक्षक एवं अधिकारी मौजूद रहे. कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ किया गया.

जमालपुर स्टेशन परिसर में भी दिखा योग का उत्साह

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जमालपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन के पार्क में भी विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किया गया. स्टेशन प्रबंधन और ओपन लाइन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया.

इस दौरान लिविंग ऑफ आर्ट्स के योग प्रशिक्षक गणेश जी राम ने योग के विभिन्न आसनों और प्राणायाम की जानकारी दी. कार्यक्रम में स्टेशन प्रबंधक दीपक कुमार, चीफ यार्ड मास्टर मनोरंजन कुमार, सीएमआई संजीव कुमार गुप्ता, सीएचआई पंकज कुमार, मुकेश कुमार, बुकिंग सुपरवाइजर नीरज खेस तथा वेलफेयर इंस्पेक्टर पंकज कुमार साह सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे.

योग के जरिये स्वस्थ जीवन का दिया संदेश

योग दिवस पर आयोजित सभी कार्यक्रमों में योग के शारीरिक और मानसिक लाभों पर विस्तार से चर्चा की गई. प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास तनाव कम करने, कार्यक्षमता बढ़ाने और बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है. कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया.

Also Read : योग नगरी मुंगेर में दिखी योग की शक्ति, शहर से गांव तक गूंजा ‘ओम’

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: AMIT KR SINHA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >