जमालपुर में प्लेटफार्म नंबर-2 और 3 पर चला विशेष सफाई अभियान, अधिकारियों ने खुद उठाई झाड़ू

Jamalpur Railway News: मुख्यालय की फटकार के बाद जागा रेलवे प्रशासन! जमालपुर स्टेशन पर अधिकारियों ने खुद उठाई झाड़ू, प्लेटफार्म नंबर 2 और 3 पर चला सफाई अभियान

Jamalpur Railway News: मुंगेर के जमालपुर से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट: जमालपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को स्वच्छता और पर्यावरण पखवाड़ा के तहत विशेष सफाई अभियान चलाया गया. मालदा रेल मंडल के निर्देश पर प्लेटफार्म संख्या-2 और 3 पर स्टेशन प्रबंधन से जुड़े रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने हाथों में झाड़ू लेकर सफाई की. इस दौरान प्लेटफार्म परिसर में फैले कचरे का निष्पादन किया गया और यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का प्रयास भी किया गया.

रेल अधिकारियों की इस पहल को लेकर स्टेशन परिसर में चर्चा का माहौल रहा. अभियान के दौरान प्लेटफार्म के विभिन्न हिस्सों की साफ-सफाई कर गंदगी हटाई गई.

मुख्यालय की नाराजगी के बाद शुरू हुआ अभियान

जानकारी के अनुसार बुधवार को पूर्व रेलवे मुख्यालय कोलकाता के प्रिंसिपल चीफ कमर्शियल मैनेजर डॉ उदय शंकर झा ने जमालपुर स्टेशन का निरीक्षण किया था.

निरीक्षण के दौरान प्लेटफार्म संख्या-2 और 3 के साथ-साथ निर्माणाधीन कमर्शियल बिल्डिंग में गंदगी का अंबार देखकर उन्होंने स्टेशन प्रबंधन पर नाराजगी जताई थी. इसके बाद संबंधित अधिकारियों को तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाने और यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया था.

रेल अधिकारियों ने खुद संभाली सफाई की कमान

मुख्यालय से मिले निर्देश के बाद शुक्रवार को स्टेशन प्रबंधन पूरी तरह सक्रिय नजर आया. रेल अधिकारियों ने सफाई कर्मियों के साथ मिलकर प्लेटफार्म परिसर की सफाई की और कचरे को हटवाया.

अधिकारियों ने कहा कि स्टेशन परिसर को स्वच्छ और सुंदर बनाना रेलवे की प्राथमिकता है. अभियान के दौरान यात्रियों को भी साफ-सफाई बनाए रखने का संदेश दिया गया.

यात्रियों से की गई खास अपील

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की कि वे प्लेटफार्म पर खानपान सामग्री लेने के बाद खाली रैपर, बोतल और अन्य कचरा इधर-उधर न फेंकें. इसके लिए स्टेशन परिसर में लगाए गए डस्टबिन का उपयोग करने को कहा गया.

अधिकारियों का कहना है कि रेलवे स्टेशन की स्वच्छता बनाए रखने में यात्रियों की भागीदारी भी बेहद जरूरी है. यदि यात्री सहयोग करेंगे तो स्टेशन परिसर साफ और व्यवस्थित बना रहेगा.

स्वच्छ स्टेशन बनाने पर जोर

जमालपुर जंक्शन पूर्व रेलवे का एक महत्वपूर्ण स्टेशन माना जाता है. ऐसे में स्टेशन परिसर की साफ-सफाई और यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर रेलवे प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है.

विशेष सफाई अभियान के बाद अब यात्रियों को उम्मीद है कि स्टेशन परिसर पहले की तुलना में अधिक स्वच्छ और व्यवस्थित नजर आएगा.

Also Read: एलपीजी गैस सब्सिडी को लेकर आया नया नियम, आधार वेरिफिकेशन नहीं कराया तो बंद होगी सब्सिडी, जानें लास्ट डेट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >