जमालपुर रेलखंड पर आज ट्रेन परिचालन प्रभावित, नई दिल्ली-मालदा एक्सप्रेस कैंसिल; अंग एक्सप्रेस व ब्रह्मपुत्र मेल लेट

पूर्व रेलवे के जमालपुर रेलखंड पर इंटरलॉकिंग कार्य के चलते ट्रेन परिचालन में बाधा आ रही है. नई दिल्ली-मालदा टाउन एक्सप्रेस (14004 डाउन) रद्द कर दी गई है, जबकि अंग एक्सप्रेस और ब्रह्मपुत्र मेल जैसी लंबी दूरी की ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं. यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

पूर्व रेलवे के मालदा डिवीजन अंतर्गत साहिबगंज लूप लाइन के किऊल-जमालपुर-भागलपुर रेलखंड पर सोमवार को ट्रेन परिचालन प्रभावित है. नई दिल्ली से मालदा टाउन जाने वाली 14004 डाउन वीकली एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है. वहीं दो अन्य लंबी दूरी की ट्रेनें अपने निर्धारित समय से करीब दो घंटे विलंब से चल रही हैं. इसके कारण जमालपुर और आसपास के स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

नई दिल्ली-मालदा एक्सप्रेस आज नहीं चलेगी

अधिकृत जानकारी के अनुसार, नई दिल्ली से मालदा टाउन जाने वाली 14004 डाउन एक्सप्रेस को रद्द किया गया है. पूर्व मध्य रेलवे के राजेंद्र पुल स्टेशन पर नए पुल को डबल लाइन सुविधा से जोड़ने के लिए 21 सितंबर से 4 अक्टूबर तक प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किया जा रहा है.

इसी कार्य के कारण 20 सितंबर को नई दिल्ली से चलने वाली 14004 एक्सप्रेस को कैंसिल किया गया है. इसके अलावा 24 सितंबर, 27 सितंबर और 1 अक्टूबर को नई दिल्ली से रवाना होने वाली इस ट्रेन का परिचालन भी रद्द रहेगा. इसके चलते 25 सितंबर, 28 सितंबर और 2 अक्टूबर को जमालपुर पहुंचने वाली 14004 डाउन नई दिल्ली-मालदा टाउन एक्सप्रेस भी नहीं चलेगी.

अंग एक्सप्रेस करीब दो घंटे लेट

सोमवार को यशवंतपुर-बेंगलुरु से भागलपुर जाने वाली 12253 डाउन अंग एक्सप्रेस भी निर्धारित समय से करीब दो घंटे विलंब से चली. ट्रेन का जमालपुर पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 7:34 बजे था, लेकिन यह करीब 9:30 बजे जमालपुर पहुंची.

इसी तरह कामाख्या से दिल्ली जाने वाली 15658 ब्रह्मपुत्र मेल भी करीब दो घंटे विलंब से चल रही थी. इसका जमालपुर पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 9:14 बजे था, लेकिन ट्रेन के करीब 11:15 बजे पहुंचने की जानकारी दी गयी.

पटना-दुमका एक्सप्रेस के डायवर्जन से भी यात्री परेशान

पटना-दुमका एक्सप्रेस को बिहारशरीफ की ओर से डायवर्ट किये जाने के कारण इसके परिचालन पर भी असर पड़ा है. ट्रेन के विलंब से चलने पर यात्रियों में नाराजगी देखी गयी.

यात्रियों का कहना था कि जब दानापुर-साहिबगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस, बक्सर-टाटानगर एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें मोकामा के रास्ते चलायी जा रही हैं, तो पटना-दुमका एक्सप्रेस को बख्तियारपुर से डायवर्ट किये जाने का निर्णय यात्रियों के लिए परेशानी बढ़ाने वाला है.

4 अक्टूबर तक कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित

पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर रेल मंडल के राजेंद्र पुल, हाथीदह जंक्शन अपर और रामपुर डुमरा स्टेशनों पर इंटरलॉकिंग कार्य चल रहा है. इसके कारण करीब 64 ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि 16 ट्रेनों को डायवर्टेड रूट से चलाया जा रहा है.

इनमें कई ट्रेनें जमालपुर होकर गुजरती हैं. रेल प्रशासन के अनुसार, संबंधित कार्य पूरा होने के बाद 4 अक्टूबर के बाद इस रेलखंड पर ट्रेनों का नियमित परिचालन शुरू होने की उम्मीद है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विजय कुमार गुप्ता

विजय कुमार गुप्ता 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ये सामाजिक, राजनीतिक और आपराधिक नब्ज को करीब से समझते हैं. इन्हें डिजिटल मीडिया में नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल के साथ प्रयोग करना बेहद पसंद है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >