Jamalpur Flood: जमालपुर प्रखंड के परहम पंचायत स्थित प्रेम टोला में सोमवार की देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब सिंचाई बांध का स्लुईस गेट अचानक धंस गया और बांध में बड़ी दरार बन गयी. दरार के रास्ते डकरा नाला का पानी तेज रफ्तार से गांव की ओर बढ़ने लगा. पानी का बहाव देखकर स्थानीय ग्रामीणों में दहशत फैल गयी. लोगों को आशंका सताने लगी कि यदि बांध टूट गया तो बाढ़ का पानी तेजी से गांव में प्रवेश कर सकता है.
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने मामले की सूचना पंचायत के मुखिया टुनटुन चौधरी को दी. मुखिया ने तत्काल जिला प्रशासन को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गयी और उप विकास आयुक्त के निर्देश पर सिंचाई विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया.
पहले रिसा पानी, फिर तेज होने लगा कटाव
स्थानीय लोगों के अनुसार सोमवार की देर शाम प्रेम टोला के निकट सिंचाई विभाग के बांध से पानी का रिसाव शुरू हुआ था. शुरुआत में रिसाव कम था, लेकिन धीरे-धीरे पानी का दबाव बढ़ता गया. तेज बहाव के कारण बांध की मिट्टी कटने लगी और कुछ ही देर में वहां बड़ी दरार बन गयी.
बांध में कटाव बढ़ने के साथ पानी दूसरी ओर तेजी से आने लगा. ग्रामीणों को जब इसकी जानकारी हुई तो वे मौके पर पहुंच गये. पानी का बहाव देखकर लोगों में दहशत का माहौल बन गया. ग्रामीणों को डर था कि अगर समय रहते कटाव को नहीं रोका गया तो बांध को नुकसान पहुंच सकता है और गांव में बाढ़ का पानी घुस सकता है.
रात में ही पहुंची सिंचाई विभाग की टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए उप विकास आयुक्त ने सिंचाई विभाग के एसडीओ को तत्काल घटनास्थल पर भेजा. एसडीओ अजीत कुमार के नेतृत्व में विभागीय टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया.
इसके बाद तत्काल जेसीबी मशीन मंगायी गयी और रात में ही बांध की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया. बांध के क्षतिग्रस्त हिस्से में मिट्टी भरने के साथ बोरियों की मदद से उसे मजबूत करने का काम किया गया. रात के अंधेरे में भी कर्मचारी और मशीनें बांध को सुरक्षित करने में जुटे रहे.
समय रहते कार्रवाई से टला बड़ा खतरा
देर रात तक मरम्मत का काम पूरा कर बांध को सुरक्षित कर दिया गया. इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली. स्थानीय ग्रामीणों का कहना था कि सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने जिस तेजी से कार्रवाई की, उससे संभावित नुकसान को टाला जा सका.
ग्रामीणों के अनुसार यदि बांध में कटाव बढ़ता रहता और समय पर मरम्मत नहीं की जाती तो बड़ी मात्रा में पानी गांव की ओर पहुंच सकता था. इससे आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता.
Jamalpur Flood: क्या कहते हैं सिंचाई विभाग के एसडीओ
सिंचाई विभाग के एसडीओ अजीत कुमार ने बताया कि डकरा नाला पर बने छोटे बांध पर बाढ़ के पानी का ओवरफ्लो हो रहा था. इसी वजह से वहां कटाव की स्थिति उत्पन्न हुई थी. सूचना समय पर मिलने के कारण तत्काल टीम को मौके पर भेजा गया और बांध को दुरुस्त कर दिया गया.
फिलहाल बांध की मरम्मत के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है. हालांकि, क्षेत्र में बाढ़ का पानी और जलस्तर बढ़ने की स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों की नजर अब बांध की स्थिति पर बनी हुई है.
Also Read: 'जो दलितों से टकराएगा...’ नारों के बीच पटना में प्रदर्शन, जेपी गोलंबर पर पुलिस से भिड़े प्रदर्शनकारी
Also Read: पटना में NIA की रेड के दौरान स्कूटी से मिले 20 लाख कैश, पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया
