इरिमी के स्थापना दिवस पर विशेष
जमालपुरभारतीय रेलवे यांत्रिक एवं विद्युत अभियंत्रण संस्थान भारतीय रेल का गौरव और जमालपुर का धरोहर है. इसका दो दिवसीय 99 वां स्थापना दिवस शुक्रवार और शनिवार को मनाया जाएगा. यह वह गौरवशाली संस्थान है. जहां स्पेशल क्लास रेलवे अप्रेंटिस की शक्ल में रेलवे के मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल इंजीनियर की पौध का निर्माण होता था. जो भारतीय रेल के लंबे चौड़े नेटवर्क का परिचालन करते रहे हैं. स्पेशल क्लास रेलवे अप्रेंटिस का प्रशिक्षण बंद कर दिए जाने के बाद भले ही इस संस्थान का रुतबा थोड़ा काम हुआ है, परंतु अभी भी यहां रेलवे के अधिकारियों को अनेकों प्रकार के प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं.
भारतीय रेलवे यांत्रिक एवं विद्युत अभियंत्रण संस्थान की स्थापना रेल इंजन कारखाना जमालपुर के परिसर में वर्ष 1888 ईस्वी में हुआ था. पहले से रेल कारखाना के टेक्निकल स्कूल के रूप में जाना जाता था. वर्ष 1905 में यहां यूरोपियन अप्रेंटिस और बाद में 1911 में पार्टीशन अप्रेंटिस प्रशिक्षण आरंभ हुआ. इस बीच पहला विश्व युद्ध के दौरान देश में इंडियन इंडस्ट्रियल कमीशन का गठन हुआ, क्योंकि भारतीय रेल की कमजोरी युद्ध के दौरान उजागर हो चुकी थी. इसी क्रम में इस संस्थान में भारतीय अप्रेंटिस मैकेनिक को पर्यवेक्षक का प्रशिक्षण कार्य आरंभ हुआ. जिसके बाद 14 फरवरी 1927 को स्पेशल क्लास रेलवे अप्रेंटिस का पहला बैच इस संस्थान में शामिल किया गया था और तब इसका नाम टेक्निकल स्कूल ही था. बाद में 1974 में इसका नामकरण इंडियन रेलवे इंस्टीट्यूट आफ मैकेनिकल एंड इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के रूप में किया गया. इस संस्थान के रखरखाव की जिम्मेदारी सीधे रेलवे बोर्ड को दी गई और यहां के अभिभावक वर्तमान में महानिदेशक कहलाते हैं. जो वर्तमान में अनिमेष कुमार सिन्हा है.